बड़ी खबर: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां टकराईं, कई लोग घायल
उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले के साथ हादसा हो गया. लखनऊ से सुल्तानपुर जाते समय काफिले में पीछे चल रही कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं. इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है. हालांकि, राहुल गांधी सुरक्षित हैं
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले के साथ हादसा हो गया. लखनऊ से सुल्तानपुर जाते समय काफिले में पीछे चल रही कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं. इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है. हालांकि, राहुल गांधी सुरक्षित हैं और उनकी गाड़ी को कोई नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है.
काफिले के पीछे चल रहे वाहन आपस में टकराए
बताया जा रहा है कि यह हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ. घटनास्थल 89.5 KM के माइलस्टोन के था. काफिले में शामिल पांच गाड़ियों और एक एंबुलेंस के आपस में टकराने की जानकारी सामने आई है. हादसे में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और सुरक्षा से जुड़े लोगों के घायल होने की खबर है. हालांकि, हादसे की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है.
मानहानि मामले में कोर्ट में होनी है पेशी
राहुल गांधी सोमवार सुबह करीब सात बजे अपने आवास से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए थे. उन्हें यहां की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में पेश होना है. यह मामला तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है.
इस मामले में अदालत आज फैसला सुना सकती है. इसी वजह से राहुल गांधी को कोर्ट में मौजूद रहना है. फिलहाल हादसे को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है. राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर राहत की बात यह है कि वह इस घटना में सुरक्षित बताए जा रहे हैं.