बड़ी खबर: उत्तराखंड में दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत, 25 घायल
उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. टिहरी और रुद्रप्रयाग जिले में हुए इन हादसों में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल हैं.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK): उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. टिहरी और रुद्रप्रयाग जिले में हुए इन हादसों में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल हैं. पहला हादसा ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी. वहीं, दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग की क्यूंजा घाटी में हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो गहरी खाई में गिर गई. दोनों घटनाओं के बाद पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं.
ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर नदी में गिरी बस, 8 की मौत
पहली दुर्घटना टिहरी जिले में गूलर के पास हुई. मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. बचाव दल ने बस के अंदर से आठ शव बरामद किए हैं. इस हादसे में तीन साल की बच्ची समेत 19 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जबकि कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है.
घायलों में झारखंड के दुमका, बिहार के पटना और जहानाबाद, दिल्ली, असम और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों के यात्री शामिल हैं. इनमें तीन वर्षीय आयरा और 26 वर्षीय नूर जहां भी हैं.
शादी से लौट रहे बारातियों की बोलेरो खाई में गिरी, 4 की मौत
दूसरी दुर्घटना रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुई. यहां पोखरी में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे बारातियों की बोलेरो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया.
इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं. घायलों में उमेद सिंह राणा (52), राजेंद्र सिंह (56), लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा (34) शामिल हैं. इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है.
राहत और बचाव कार्य जारी
एक ही सुबह हुई इन दो दुर्घटनाओं ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया है. दोनों हादसों में कुल 12 लोगों की जान जा चुकी है और 25 लोग घायल हैं. प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और दुर्घटनाओं के कारणों की जांच पर ध्यान दिया जा रहा है. फिलहाल बचाव कार्य जारी है.