टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन समाप्त हो गया हैं. प्रदर्शन समाप्त होने के बाद आंदोलन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दों पर अब और चुप नहीं बैठा जाएगा.
अभिजीत दीपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पास अब केवल पांच दिन का समय है. यदि इस अवधि के भीतर वे अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो अगले शनिवार को जंतर-मंतर पर फिर से बड़ा जनसमूह जुटेगा. उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर शुरू किया गया है और जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह अभियान जारी रहेगा.
दीपके ने कहा कि देशभर के लाखों छात्र परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है. इसी वजह से युवाओं को सड़क पर उतरकर अपनी बात कहनी पड़ रही है. उन्होंने समर्थकों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहने की अपील भी की.
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और युवा जंतर-मंतर पहुंचे थे. कार्यक्रम के समापन के बाद भी आंदोलन को लेकर चर्चाएं जारी रहीं. अभिजीत दीपके के अगले शनिवार फिर से प्रदर्शन करने के ऐलान ने साफ कर दिया है कि यह अभियान अभी थमने वाला नहीं है. यदि उनकी मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में यह विरोध प्रदर्शन और व्यापक रूप ले सकता है.
रिपोर्ट:सौम्या शुक्ला