टीएनपी डेस्क (TNP DESK): तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहाँ पेरियापालयम के पास कनिगईपायर गांव में स्थित 'सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स' फैसिलिटी में अचानक अमोनिया गैस का रिसाव हो गया. इस जहरीली गैस की चपेट में आने से फैक्ट्री में काम करने वाले 7 कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 69 अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. प्रभावित कर्मचारियों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों के मुताबिक कुछ मरीजों की स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है.
गैस रिसाव की इस अचानक हुई घटना से पूरी प्रोसेसिंग यूनिट में अफरा-तफरी मच गई. प्रभावित कर्मचारियों में से ज्यादातर उत्तर भारतीय राज्यों के प्रवासी मजदूर हैं. गैस के संपर्क में आते ही कर्मियों को सांस लेने में भारी तकलीफ, आंखों में जलन, चक्कर आने और उल्टी जैसे गंभीर लक्षण महसूस होने लगे. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं. सोशल मीडिया और मीडिया चैनलों पर सामने आई तस्वीरों में राहत कर्मी बदहवास कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार देते हुए और तेजी से एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
इस दुखद हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए राजभवन से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया है. गवर्नर ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा, "तिरुवल्लूर जिले की झींगा प्रोसेसिंग फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक की यह घटना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है. इसके साथ ही उन्होंने घायल कर्मचारियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और जल्द ठीक होने की ईश्वर से प्रार्थना की है. प्रशासन फिलहाल गैस रिसाव के कारणों की जांच में जुट गया है.

