टीनपी डेस्क (TNP DESK): महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. राज्य में 28 जून को आयोजित होने वाली TET परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है. जानकारी के अनुसार ठाणे जिले से परीक्षा का पेपर लीक होने की आशंका सामने आने के बाद शिक्षण विभाग ने यह कदम उठाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने परीक्षा को फिलहाल रद्द कर दिया है और नई परीक्षा तिथि बाद में घोषित करने की बात कही है. पेपर लीक की खबर सामने आते ही अभ्यर्थियों के बीच चिंता का माहौल बन गया है. लाखों उम्मीदवार लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और परीक्षा से ठीक पहले सामने आए इस घटनाक्रम ने उन्हें झटका दिया है.
सूत्रों के मुताबिक ठाणे जिले में परीक्षा से पहले TET का प्रश्नपत्र मिलने की सूचना मिली थी. इसके बाद शिक्षा विभाग और संबंधित एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं. प्रारंभिक जांच में पेपर लीक की आशंका को गंभीर मानते हुए परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया गया. विभाग का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसलिए किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक घोषणा का इंतजार करने की अपील की है.

