BIG BREAKING: मिनी बस और कंटेनर की टक्कर में 7 लोगों की मौत, जानिए कहाँ हुआ हादसा

असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई. हादसा गोलाघाट के रंगाजन इलाके में हुआ. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है.

BIG BREAKING: मिनी बस और कंटेनर की टक्कर में 7 लोगों की मौत, जानिए कहाँ हुआ हादसा

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):  असम में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां यात्रियों से भरी मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और बचाव दल की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है. पुलिस के मुताबिक, बस से शवों को बाहर निकालने का काम जारी है. ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गोलाघाट जिले के कोहोरा रेंज में राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हुई. हादसा हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुआ. बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी एक मिनी बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की.

सात लोगों की मौत, बढ़ सकता है आंकड़ा

गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननिल डेका ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है. पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और बस से शवों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है.

उन्होंने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना के समय मिनी बस में कुल कितने लोग सवार थे. बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही मृतकों और घायलों की सही संख्या सामने आ सकेगी. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बस में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं. फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

Image