किसके इशारे पर सौरभ दास को विदेश जाने से रोका,पासपोर्ट तो बहाना असली वजह जान हो जाएंगे हैरान
CJP के को-कॉनवेनेर सौरव दास को 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया गया. वह फ्लाइट पकड़ने पहुंचे थे, लेकिन इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें विमान में सवार होने की अनुमति नहीं दी. शुरुआत में इसकी वजह उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी गड़बड़ी बताई गई थी.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK): CJP के को-कॉनवेनेर सौरव दास को 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया गया. वह फ्लाइट पकड़ने पहुंचे थे, लेकिन इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें विमान में सवार होने की अनुमति नहीं दी. शुरुआत में इसकी वजह उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी गड़बड़ी बताई गई थी. हालांकि, अब दिल्ली हाईकोर्ट में केंद्र सरकार ने बताया है कि मुंबई पुलिस की ओर से जारी लुकआउट सर्कुलर (LOC) के कारण उन्हें विदेश जाने से रोका गया. इस मामले के सामने आने के बाद कई सवाल उठ रहे हैं. आखिर सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर क्यों जारी किया गया, जिस पासपोर्ट के आधार पर वह पहले विदेश यात्रा कर रहे थे, उसे लेकर अचानक सवाल क्यों उठने लगे? क्या यह सिर्फ कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह भी है, फिलहाल इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताने का कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया है.
आखिर एयरपोर्ट पर क्यों रोके गए सौरव दास
सौरव दास को ब्रिटेन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होना था. ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन की ओर से उन्हें कॉकरोच मूवमेंट पर अपनी बात रखने के लिए बुलाया गया था. लेकिन, 23 नवंबर को जब वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, तब उन्हें इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया.
इसके बाद सौरव ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की. उनका आरोप था कि उन्हें न तो किसी प्रतिबंध की जानकारी दी गई और न ही रोकने का स्पष्ट आधार बताया गया. इसके बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर इस कार्रवाई को चुनौती दी.
गुरुवार को केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि सौरव दास के खिलाफ मुंबई पुलिस ने LOC जारी किया था. इसी वजह से उन्हें विदेश जाने से रोका गया. अब सवाल यह है कि मुंबई पुलिस ने आखिर किस मामले में यह सर्कुलर जारी किया?

क्या होता है लुकआउट सर्कुलर
लुकआउट सर्कुलर यानी LOC एक ऐसा अलर्ट होता है, जिसे संबंधित सरकारी या जांच एजेंसियां किसी व्यक्ति के देश से बाहर जाने पर निगरानी रखने या उसे रोकने के लिए जारी कर सकती हैं. जब किसी व्यक्ति के खिलाफ LOC जारी होता है, तो एयरपोर्ट और दूसरे इमिग्रेशन चेकपॉइंट पर उसकी जानकारी सामने आ सकती है. इसके बाद LOC में दिए गए निर्देशों के अनुसार संबंधित व्यक्ति को रोका जा सकता है या जांच एजेंसी को सूचना दी जा सकती है.
सौरव दास के मामले में केंद्र सरकार ने मुंबई पुलिस के LOC को रोकने की वजह बताया है. हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि मुंबई पुलिस ने किस आधार पर यह LOC जारी किया था. यही जानकारी अब इस पूरे विवाद का सबसे अहम हिस्सा बन गई है.
पहले उसी पासपोर्ट से यात्रा, अब अचानक क्या हुआ
इस मामले में सबसे दिलचस्प सवाल पासपोर्ट को लेकर है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सौरव दास के पासपोर्ट में जन्मस्थान चेन्नई दर्ज है. इसी को लेकर चेन्नई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया और सात दिनों के भीतर जवाब मांगा.
अब सवाल है कि अगर पासपोर्ट में जन्मस्थान की जानकारी पहले से गलत थी, तो उसी दस्तावेज के आधार पर पहले यात्रा कैसे होती रही? अचानक इस जानकारी पर आपत्ति क्यों उठी?
दरअसल, पासपोर्ट पहले जारी हो जाना इस बात की गारंटी नहीं है कि उसमें दर्ज हर जानकारी हमेशा सही मानी जाएगी. बाद में किसी गड़बड़ी का पता चलने पर पासपोर्ट कार्यालय जांच कर सकता है. वहीं, पासपोर्ट की जांच और LOC दो अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं. संभव है कि पासपोर्ट से जुड़ी जांच और पुलिस की कार्रवाई एक ही समय के आसपास सामने आई हो. हालांकि, यह स्पष्ट होना बाकी है कि दोनों के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं.

आखिर पासपोर्ट में क्या गड़बड़ी हुई
सौरव के पासपोर्ट में जन्मस्थान चेन्नई दर्ज होने की बात सामने आई है. इसी जानकारी को लेकर पासपोर्ट कार्यालय ने उनसे जवाब मांगा है. लेकिन यह गड़बड़ी कैसे हुई, पासपोर्ट बनवाते समय कौन से दस्तावेज दिए गए थे और गलती किस स्तर पर हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
ऐसे में बिना जांच पूरी हुए यह कहना सही नहीं होगा कि गलती सौरव की थी या दस्तावेज जारी करने की प्रक्रिया में कोई चूक हुई थी.
सौरव का आरोप है कि उनकी आवाज को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचने से रोका जा रहा है. वहीं, क्या यह कार्रवाई किसी तरह का बदला लेने का तरीका है, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है. इसके पीछे राजनीतिक मंशा होने का भी कोई प्रमाण सामने नहीं आया है.
दिल्ली हाईकोर्ट ने क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी और विदेश मंत्रालय से जवाब मांगा है. मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी. अब देखना होगा कि मुंबई पुलिस LOC जारी करने के पीछे क्या वजह बताती है और पासपोर्ट में जन्मस्थान की गड़बड़ी पर सौरव दास क्या जवाब देते हैं. फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक नागरिक को विदेश यात्रा से रोकने का आधार क्या था और क्या उस प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती गई.