टीएनपी डेस्क (TNP DESK): कभी साथ बैठकर हंसने-बोलने वाले दोस्त कब एक-दूसरे के दुश्मन बन जाएं, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा से सामने आया एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड इसी दर्दनाक सच को बयां करता है. यहां एक युवक की हत्या इतनी बेरहमी से की गई कि उसकी पहचान मिटाने के लिए सिर और दोनों हाथ तक धड़ से अलग कर दिए गए. इस सनसनीखेज मामले का खुलासा ठाणे क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने करते हुए मृतक के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है. हालांकि, हत्या के बाद अलग किया गया सिर अब भी पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है.
क्राइम ब्रांच के डीसीपी अमरसिंह जाधव ने प्रेस वार्ता में बताया कि कुछ समय पहले खर्डी गांव के सुनसान इलाके से एक सड़ी-गली लाश मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी. मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि शव का सिर और दोनों हाथ गायब थे, जिससे मृतक की पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था. शव की हालत देखकर पुलिस ने आशंका जताई कि आरोपियों ने पहचान छिपाने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस फैज सुल्तान मलिक (24) और अलबान सुल्तान मलिक (23) तक पहुंची. दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने दोस्त अमन मुस्कीन शेख (23) की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली.
पुलिस जांच में सामने आया कि 13 मार्च 2026 की रात मुंब्रा के श्रीलंका इलाके में अमन और दोनों आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने अमन को ऑटो रिक्शा में बैठाकर एक सुनसान स्थान पर ले गए. वहां धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. पहचान मिटाने के इरादे से उन्होंने मृतक का सिर और दोनों हाथ काट दिए तथा शव को जंगल में फेंककर फरार हो गए. इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुंब्रा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 2273/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया. इसके बाद जांच का दायरा और बढ़ाया गया.
जांच के दौरान पुलिस को एक और चौंकाने वाली जानकारी मिली. आरोप है कि दोनों आरोपियों ने हत्या की पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड की थी. पुलिस ने संबंधित मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि वीडियो किस उद्देश्य से बनाया गया था और कहीं इसे किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा तो नहीं किया गया. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी फैज सुल्तान मलिक के खिलाफ पहले से हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं, मृतक अमन मुस्कीन शेख के खिलाफ भी बाइक चोरी का एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार, मृतक के कटे हुए सिर और इस वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद कई अन्य महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आ सकते हैं.

