क्या अग्निवीरों को मिलेगी शादी की इजाजत? 4 साल बाद अतिरिक्त सेवा के दौरान बदल सकते हैं नियम
अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले अग्निवीरों के लिए जल्द ही एक राहत भरी खबर आ सकती है. सेना उनके शादी से जुड़े नियमों में बदलाव करने पर विचार कर रही है. नए प्रस्ताव के मुताबिक, अग्निवीरों को शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद मिलने वाले दो साल के अतिरिक्त कार्यकाल में शादी करने की छूट मिल सकती है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले अग्निवीरों के लिए जल्द ही एक राहत भरी खबर आ सकती है. सेना उनके शादी से जुड़े नियमों में बदलाव करने पर विचार कर रही है. नए प्रस्ताव के मुताबिक, अग्निवीरों को शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद मिलने वाले दो साल के अतिरिक्त कार्यकाल में शादी करने की छूट मिल सकती है. इस संबंध में सशस्त्र बलों ने सरकार को प्रस्ताव भेजा है. हालांकि, अभी सरकार की ओर से इस पर अंतिम मुहर नहीं लगी है.
अभी चार साल तक शादी करने की है मनाही
मौजूदा नियमों के अनुसार, अग्निवीर अपनी चार साल की शुरुआती सेवा के दौरान शादी नहीं कर सकते. यह नियम पुरुष और महिला दोनों अग्निवीरों पर लागू होता है. भर्ती के समय उनकी उम्र साढ़े 17 से 21 साल के बीच होती है. ऐसे में चार साल की सेवा पूरी होने तक कई अग्निवीर शादी की उम्र तक पहुंच जाते हैं.
अब जब सेवा में दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल जोड़ा गया है, तो शादी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. इसी को देखते हुए सेना ने नए कार्यकाल के दौरान शादी की अनुमति देने का प्रस्ताव तैयार किया है.
75 प्रतिशत अग्निवीरों के लिए होगी खास शर्त
प्रस्ताव के मुताबिक, चार साल की सेवा पूरी करने के बाद जिन अग्निवीरों को दो साल के अतिरिक्त कार्यकाल के लिए चुना जाएगा, उनमें से 75 प्रतिशत को नए कार्यकाल में प्रवेश करते समय अविवाहित रहना होगा. हालांकि, अतिरिक्त दो साल की सेवा शुरू होने के बाद उन्हें शादी करने की अनुमति मिल सकती है.

अग्निपथ योजना में क्या हुआ बदलाव
4 नवंबर 2026 को केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना में दो साल का अतिरिक्त सेवा कार्यकाल मंजूर किया था. इसके तहत चार साल की सेवा पूरी होने के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों को मेरिट के आधार पर नियमित सेना में शामिल किया जाएगा. वहीं, बाकी 75 प्रतिशत को उनकी इच्छा के अनुसार दो साल और सेवा करने का मौका मिलेगा.
अतिरिक्त सेवा पूरी होने के बाद इन अग्निवीरों को भी नियमित सैनिक बनने का अवसर मिल सकता है. इसके लिए उन्हें तय चयन प्रक्रिया और जरूरी मानकों को पूरा करना होगा.
छुट्टियों में भी बढ़ोतरी पर विचार
सेना सिर्फ शादी के नियमों में ही नहीं, बल्कि छुट्टियों को लेकर भी बदलाव करने की तैयारी कर रही है. फिलहाल अग्निवीरों को साल में 30 दिन की छुट्टी मिलती है. वहीं, नियमित सैनिकों को सालाना 90 दिन तक छुट्टी मिल सकती है. ऐसे में अतिरिक्त दो साल की सेवा करने वाले अग्निवीरों की छुट्टियां बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है.
फिलहाल शादी की अनुमति और छुट्टियों में बढ़ोतरी से जुड़े दोनों प्रस्ताव सरकार के फैसले का इंतजार कर रहे हैं. अंतिम फैसला होने के बाद ही नए नियमों की तस्वीर साफ होगी.