दिल्ली के बाद पुणे में कूच को तैयार कॉकरोच जनता पार्टी, 11 जून को होगा प्रोटेस्ट

दिल्ली के बाद पुणे में कूच को तैयार कॉकरोच जनता पार्टी, 11 जून को होगा प्रोटेस्ट

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी 11 जून को पुणे में प्रदर्शन करेगी. इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाना है. पार्टी का आरोप है कि देश में विभिन्न परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.

अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए युवाओं से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की. उन्होंने लिखा कि महाराष्ट्र की शैक्षणिक राजधानी मानी जाने वाली पुणे में बड़ी संख्या में युवा अपनी आवाज बुलंद करेंगे. पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए भी लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है.

हाल ही में नेपाल और बांग्लादेश में युवाओं द्वारा किए गए आंदोलनों की तुलना को लेकर दिपके ने स्पष्ट किया कि कॉकरोच जनता पार्टी का अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उनके संगठन की गतिविधियों की तुलना पड़ोसी देशों में हुए प्रदर्शनों से नहीं की जानी चाहिए.

दिपके ने यह भी कहा कि सीजेपी विशेष रूप से जेनरेशन-ज़ेड (Gen Z) के युवाओं का मंच है और इसका किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है. पार्टी का उद्देश्य केवल युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाना और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करना है.

गौरतलब है कि इससे पहले 6 जून को कॉकरोच जनता पार्टी ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी विरोध प्रदर्शन किया था. उस दौरान संगठन ने कथित पेपर लीक मामलों और परीक्षा प्रणाली में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई थी.