5 सितंबर को दिल्ली में फिर बड़े मार्च की तैयारी में CJP, जानिए किस मामले में होगा प्रदर्शन
जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक चले आंदोलन के करीब एक महीने बाद CJP ने फिर दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान किया है. संगठन 5 सितंबर को इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक मार्च निकालने की तैयारी में है.
टिएनपी डेस्क(TNP DESK): जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक चले आंदोलन को खत्म करने के करीब एक महीने बाद Cockroach Janta Party यानी CJP ने एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर उतरने का ऐलान किया है. संगठन ने कहा है कि 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस के दिन दिल्ली में बड़ा मार्च निकाला जाएगा. यह मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय की ओर जाएगा.
CJP का आरोप है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी और NEET से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन खत्म कराते समय केंद्र सरकार ने जो भरोसा दिया था, उस पर अब तक पूरी तरह काम नहीं हुआ है. इसी वजह से संगठन ने दोबारा प्रदर्शन शुरू करने का फैसला किया है.
छात्रों के परिवार मार्च में होंगे शामिल
CJP के मुताबिक, इस मार्च में उन छात्रों के परिवार भी शामिल होंगे, जिनकी NEET परीक्षा रद्द होने और बाद में दोबारा परीक्षा कराए जाने के घटनाक्रम के बाद आत्महत्या से मौत हुई थी.
संगठन का यह भी दावा है कि जुलाई में हुए आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का सामना करने वाले लोग भी इस मार्च में शामिल होंगे.
CJP की नेशनल वर्किंग कमेटी की सोमवार को हुई बैठक में नए आंदोलन का फैसला लिया गया. संगठन ने अपने बयान में कहा कि सरकार उनकी शांति और इंतजार को कमजोरी न समझे. संगठन का आरोप है कि युवाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है.
दिल्ली पुलिस को अभी नहीं मिला मार्च का आवेदन
दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस का कहना है कि इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक मार्च निकालने को लेकर अभी तक कोई आवेदन नहीं मिला है.
अगर प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन मिलता है तो उसकी समीक्षा की जाएगी. ऐसे में फिलहाल यह साफ नहीं है कि CJP को तय रूट पर मार्च निकालने की अनुमति मिलेगी या नहीं.

20 जून से शुरू हुआ था आंदोलन
CJP ने परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों और NEET पेपर लीक के मुद्दे को लेकर 20 जून से जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू किया था. बाद में यह प्रदर्शन देश के दूसरे हिस्सों तक भी पहुंच गया था.
20 जुलाई को संगठन ने संसद की तरफ मार्च करने की कोशिश की थी. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी. CJP का दावा है कि पुलिस कार्रवाई में कई लोग घायल हुए थे.
इसके बाद 25 जुलाई को संगठन ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया था. CJP के मुताबिक, केंद्र के साथ बातचीत और उसकी कई मांगों पर सहमति बनने के बाद प्रदर्शन रोका गया था.
अब संगठन का कहना है कि एक महीने बाद भी कई मुद्दों पर उम्मीद के मुताबिक कार्रवाई नहीं हुई है. इसी वजह से 5 सितंबर को फिर से प्रदर्शन किया जाएगा.