अगले साल होगी अभिजीत दीपके की शादी! जानिए अब तक कितने रिश्ते आए है

अगले साल होगी अभिजीत दीपके की शादी! जानिए अब तक कितने रिश्ते आए है

TNP DESK: NEET पेपर लीक मुद्दे को लेकर देशभर में चर्चा का केंद्र बने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हालांकि इस बार वजह कोई आंदोलन, धरना या राजनीतिक गतिविधि नहीं है, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी खबर है. CJP के आंदोलन के खत्म होने के बाद अब उनके परिवार ने अभिजीत की शादी को लेकर अपनी इच्छा जाहिर की है. उनकी मां का कहना है कि बेटे के लिए लगातार रिश्ते आ रहे हैं और परिवार चाहता है कि इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत तक उसकी शादी हो जाए.

अभिजीत दिपके की मां अनीता दिपके ने बताया कि उनके बेटे के लिए विवाह के प्रस्ताव कोई नई बात नहीं हैं. उनके अनुसार, जब अभिजीत विदेश में बोस्टन में थे, तब भी कई रिश्ते आए थे. उस दौरान उन्होंने फोन पर बेटे से शादी को लेकर चर्चा भी की थी. हालांकि, अभिजीत ने इस विषय पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. अनीता दिपके के मुताबिक, उन्होंने सिर्फ मुस्कुराकर बात को टाल दिया था. परिवार का मानना है कि शादी का फैसला पूरी तरह अभिजीत का होगा और उसी की सहमति के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

अनीता दिपके ने कहा कि आंदोलन शुरू होने से पहले भी कई परिवारों की ओर से रिश्ते आए थे और अब भी यह सिलसिला जारी है. उनका कहना है कि यदि सब कुछ ठीक रहा तो परिवार चाहता है कि दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 तक शादी संपन्न हो जाए. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि किसी भी तरह का दबाव नहीं बनाया जाएगा और अंतिम निर्णय अभिजीत ही लेंगे.

हाल ही में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP ने अपने आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की थी. लंबे समय तक चले इस आंदोलन के बाद अभिजीत दिपके अपने घर लौटे, जहां परिवार और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. घर पहुंचने पर उनके माता-पिता भी मौजूद थे और परिवार के लिए यह भावुक पल रहा. आंदोलन के दौरान लगातार व्यस्त रहने के बाद अब अभिजीत कुछ समय अपने परिवार के साथ बिताते नजर आ रहे हैं.

NEET पेपर लीक के खिलाफ हुए आंदोलन ने अभिजीत दिपके को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई. छात्रों और युवाओं के बीच उनकी सक्रिय भूमिका की काफी चर्चा हुई. आंदोलन के दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाई. इसी वजह से उनका नाम देशभर में चर्चा का विषय बना रहा.

अब आंदोलन समाप्त होने के बाद लोगों की नजरें उनके अगले कदम पर टिकी हैं. एक ओर उनके सामाजिक और सार्वजनिक जीवन को लेकर चर्चाएं जारी हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी शादी की खबर भी लोगों की दिलचस्पी का विषय बन गई है. परिवार चाहता है कि अभिजीत जल्द अपने जीवन की नई शुरुआत करें, लेकिन फिलहाल यह पूरी तरह उन पर निर्भर है कि वह निजी जीवन को प्राथमिकता देते हैं या फिर अपने सामाजिक और सार्वजनिक दायित्वों पर पहले की तरह ध्यान केंद्रित रखते हैं. आने वाले समय में अभिजीत दिपके का फैसला ही तय करेगा कि उनकी अगली पारी सामाजिक जीवन में होगी या वैवाहिक जीवन में.