टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर आई है. वहां अलग-अलग जहाजों पर काम कर रहे 4,052 भारतीय नाविकों को सुरक्षित वापस लाया गया है. केंद्रीय बंदरगाह, शिपिंग और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरे हालात पर लगातार नजर रखी और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की. साथ ही, इस संकट में जान गंवाने वाले नाविकों के परिवारों को 10 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया गया है.
हालात की समीक्षा के लिए हुई बैठक
सर्बानंद सोनोवाल ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक कर पश्चिम एशिया में बने हालात की समीक्षा की. बैठक में वहां काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा, राहत व्यवस्था और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी भारतीय नाविक को परेशानी होने पर बिना देरी के हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए.
4,052 भारतीय नाविक सुरक्षित लौटे
बैठक के बाद सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि संकट के दौरान फंसे 4,052 भारतीय समुद्री कर्मचारियों को सुरक्षित भारत वापस लाया गया है. उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावासों, समुद्री एजेंसियों और कई सरकारी विभागों के बीच लगातार तालमेल बनाया गया. इसी वजह से इतने बड़े स्तर पर राहत अभियान सफल रहा.
सिर्फ वापसी नहीं, हर तरह की मदद का इंतजाम
मंत्री ने बताया कि महानिदेशक समुद्री प्रशासन (DGMA) की टीम सिर्फ नाविकों को वापस लाने तक ही सीमित नहीं रही. जिन लोगों को जरूरत थी, उन्हें इलाज, मानसिक परामर्श और दूसरी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं. इसके अलावा प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया, ताकि किसी भी तरह की परेशानी का तुरंत समाधान किया जा सके.

मृत नाविकों के परिवारों को मिलेगी आर्थिक मदद
सरकार ने इस संकट में जान गंवाने वाले नाविकों के परिवारों के लिए भी राहत का ऐलान किया है. सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि मृत नाविकों के सबसे करीबी परिजनों को एसडब्ल्यूएफएस स्पेशल हाई-रिस्क एरिया योजना के तहत 10 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी जाएगी. सरकार का कहना है कि मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.
भारतीय नाविकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि भारतीय नाविक दुनिया भर में अपनी मेहनत और पेशेवर कौशल के लिए जाने जाते हैं. वे वैश्विक समुद्री व्यापार की अहम कड़ी हैं और देश का नाम रोशन कर रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर परिस्थिति में भारतीय नाविकों और उनके परिवारों के साथ खड़ी रहेगी. विदेशों में काम कर रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर आगे भी हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
