हर महीने Credit Card का बिल भरने में होती है परेशानी,तो सैलरी डेट के हिसाब से बदले Due Date, कैसे जानिए

हर महीने Credit Card का बिल भरने में होती है परेशानी,तो सैलरी डेट के हिसाब से बदले Due Date, कैसे जानिए

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):आज के दौर में अधिकांश नौकरीपेशा लोग क्रेडिट कार्ड जरूर रखते है. बदलते डिजिटल युग में इसका इस्तेमाल काफी बढ़ चुका है. आजकल लोग दुकान की जगह ऑनलाइन या मॉल में जाकर खरीदारी करना पसंद करते हैं, जहां क्रेडिट कार्ड से भुगतान करना सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है. दरअसल, आज लोग काफी मॉडर्न हो चुके हैं, जिसकी वजह से उनकी जरूरतें भी बढ़ गई हैं. कब किसे क्या पसंद आ जाए, यह कोई नहीं जानता और हर समय आपके पास पैसे हों, यह भी जरूरी नहीं है. ऐसे में क्रेडिट कार्ड आपकी जरूरतों को पूरा करने में काफी अहम भूमिका निभाता है. यही वजह है कि आजकल लगभग हर कोई क्रेडिट कार्ड लेता है. लेकिन सिर्फ क्रेडिट कार्ड लेना ही काफी नहीं है, उसका बिल समय पर भरना भी उतना ही जरूरी है. कई बार लोगों को अपनी सैलरी की तारीख और क्रेडिट कार्ड के बिल की ड्यू डेट को लेकर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. अगर आप भी ऐसे लोगों में शामिल हैं, तो यह खबर आपके लिए है.

यदि आप भी हैं परेशान तो बदलवा लें ड्यू डेट

यदि आप क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर नहीं भरते हैं, तो आपका सिबिल स्कोर खराब हो सकता है. इसके साथ ही लेट फीस और ब्याज भी देना पड़ सकता है. यदि आपकी सैलरी की तारीख और क्रेडिट कार्ड की ड्यू डेट मैच नहीं कर रही है, तो आपको इसे बदलवा लेना चाहिए. उदाहरण के तौर पर मान लीजिए कि आपकी सैलरी हर महीने 10 तारीख को आती है और आपके क्रेडिट कार्ड के बिल की ड्यू डेट 5 तारीख है. ऐसे में सैलरी आने से पहले बिल भरना किसी के लिए भी परेशानी भरा हो सकता है. ऐसी स्थिति में बैंक आपको क्रेडिट कार्ड की ड्यू डेट बदलने का विकल्प देता है, जिसकी जानकारी शायद सभी लोगों को नहीं होती.

लेट फीस और ब्याज देने से बच जायेंगे आप

यदि आप भी ऐसे लोगों में शामिल हैं, जिनकी सैलरी की तारीख और क्रेडिट कार्ड की ड्यू डेट मैच नहीं कर रही है, तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. आपको सिर्फ यह जानना है कि अपनी सैलरी की तारीख के अनुसार क्रेडिट कार्ड की ड्यू डेट कैसे बदलवाई जा सकती है. यदि आपकी सैलरी 10 तारीख को आती है, तो आप अपने क्रेडिट कार्ड की ड्यू डेट 12 तारीख करवा सकते हैं. इससे सैलरी मिलने के बाद आप आसानी से बिल का भुगतान कर पाएंगे और आपको ब्याज भी नहीं देना पड़ेगा. एक तरफ जहां क्रेडिट कार्ड का बिल भरने का तनाव खत्म हो जाएगा, वहीं लेट फीस और अतिरिक्त ब्याज देने की चिंता भी नहीं रहेगी. साथ ही आपका सिबिल स्कोर भी अच्छा बना रहेगा.

पढ़िये क्या है सही तरीका

 कई बैंक अपने ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड की ड्यू डेट बदलने की सुविधा देते हैं. इसके लिए सबसे पहले आपको बैंक के मोबाइल ऐप या इंटरनेट बैंकिंग में लॉगिन करना होगा. इसके बाद क्रेडिट कार्ड सेक्शन में जाकर 'Due Date' या 'Billing Cycle' का विकल्प देखना होगा. यदि आपके बैंक में यह सुविधा उपलब्ध है, तो आप ग्राहक सेवा पर कॉल करके भी इसकी जानकारी ले सकते हैं. इसके अलावा आप बैंक की शाखा में जाकर भी ड्यू डेट बदलने का अनुरोध कर सकते हैं. बैंक के नियम और शर्तों के अनुसार आपके लिए नई ड्यू डेट तय कर दी जाती है.

सिविल स्कोर होगा और बेहतर

सबसे जरूरी बात यह है कि सभी बैंकों के नियम अलग-अलग हो सकते हैं. कुछ बैंक साल में केवल एक बार ड्यू डेट बदलने की अनुमति देते हैं, जबकि कुछ बैंकों में यह सुविधा निश्चित शर्तों के साथ उपलब्ध होती है. इसकी सही जानकारी आपको अपने बैंक की शाखा या ग्राहक सेवा से मिल जाएगी. अब बात करते हैं कि ड्यू डेट बदलने के क्या फायदे हैं. यदि आपके क्रेडिट कार्ड की ड्यू डेट आपकी सैलरी की तारीख के दो-तीन दिन बाद होगी, तो आपको बिल भरने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी. इसके साथ ही आप लेट फीस और ब्याज से भी बच जाएंगे. आपका सिबिल स्कोर बेहतर बना रहेगा और बिल भुगतान को लेकर आपकी टेंशन भी काफी हद तक खत्म हो जाएगी.