मुझसे शादी नहीं की तो... छात्रा ने ठुकराया प्यार का प्रपोजल तो आपा खो बैठा प्रेमी और कर दिया ये कांड

मुझसे शादी नहीं की तो... छात्रा ने ठुकराया प्यार का प्रपोजल तो आपा खो बैठा प्रेमी और कर दिया ये कांड

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार के समस्तीपुर जिले से बेखौफ अपराधियों की करतूत सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक छात्रा की बीच सड़क गोली मारकर हत्या कर दी गई.आपको बता दें कि यह पूरी घटना वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव की है, जहां स्कूल जा रही छात्रा पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.गोली लगने की वजह से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई.हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

स्कूल जाने के दौरान छात्रा को मारी गई गोली

छात्रा की पहचान कैजिया गांव निवासी उमेश ठाकुर की बेटी सोनम कुमारी के रूप में हुई है.छात्रा के परिजनों ने बताया कि सोमवार को उनकी बेटी सोनम स्कूल ड्रेस पहनकर घर से स्कूल जा रही थी.घर से महज कुछ ही दूरी पर पहुंची थी कि बाइक सवार बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.वहीं, अचानक चली गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि छात्रा जमीन पर गिरी पड़ी थी.इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

एक दिन पहले ही प्रेमी ने दी थी धमकी

 फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके.दरअसल, पूरा मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है.मृत छात्रा के पिता ने बताया कि एक युवक उनकी बेटी पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था. एक दिन पहले ही उनकी बेटी ने इस मनचले की हरकत घरवालों को बताई थी.युवक ने धमकी दी थी कि अगर शादी नहीं करोगी तो गोली मार दूंगा। पुलिस अब पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.

पढ़े पुलिस ने क्या कहा 

वहीं, मामले पर डीएसपी संजय कुमार पांडे ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. आरोपियों की पहचान जल्द की जाएगी और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है, ताकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.