आगे से ऐसा नहीं करूंगा....पहले पकड़ा कॉलर फिर जड़े ताबड़तोड़ 30 थप्पड़, देखिए छेड़खानी करने का अंजाम

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):आज हमारी बेटियां किसी भी मायने में किसी से कम नहीं हैं. चाहे वह पढ़ाई का क्षेत्र हो या फिर कला, हर जगह बेटियों ने अपना परचम लहराया है. लेकिन इतने सशक्त होने के बावजूद आज भी समाज में लड़कियों को लेकर कई लोगों की सोच नहीं बदली है.आज भी जब लड़कियां घर से बाहर निकलती हैं तो उन्हें असुरक्षा का एहसास होता है, क्योंकि समाज में कुछ ऐसे लोग हैं जो अपनी घिनौनी सोच बदलना ही नहीं चाहते. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की अपने भाई के लिए टिफिन लेकर निकली थी, लेकिन सड़क पर ही उसे कुछ ऐसा करना पड़ा, जिसके बारे में उसने भी नहीं सोचा था.

 पकड़ा कॉलर फिर जड़े ताबड़तोड़ 30 थप्पड़

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का बताया जा रहा है. जहां कैसरबाग के लालबाग इलाके में एक मनचले की छेड़खानी और अभद्र टिप्पणी से परेशान होकर एक लड़की ने उसे ऐसा सबक सिखाया कि लोग उसकी तारीफ कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि लड़की ने करीब 500 मीटर तक दौड़ाकर मनचले को लगातार 30 थप्पड़ जड़ दिए. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने भी उसे सबक सिखाया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

लड़की के ऊपर अभद्र टिप्पनी कर रहा था मनचला 

बताया जा रहा है कि लड़की अपने भाई के लिए टिफिन लेकर निकली थी. लेकिन जैसे ही वह लालबाग से दर्शक सिनेमा की ओर जाने वाले रास्ते पर पहुंची, तभी एक अधेड़ व्यक्ति ने उसके ऊपर अभद्र टिप्पणी करनी शुरू कर दी. इतना ही नहीं, वह लड़की के साथ छेड़खानी भी करने लगा. सबसे हैरानी की बात यह रही कि अधेड़ व्यक्ति अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था.अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, लड़की ने पहले उसका विरोध किया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया. इसके बाद लड़की को गुस्सा आ गया. उसने अपनी चप्पल उतारी और एक के बाद एक करीब 30 से 31 थप्पड़ जड़ दिए. शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर भी मौके पर पहुंच गए. बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ मिनट के अंदर लड़की ने आरोपी को 30 से अधिक थप्पड़ और चप्पल मारे. जब वहां लोगों की भीड़ जुट गई तो आरोपी ने अपनी गलती मान ली और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी.

माफ़ी मांगने के बाद रफा दफा हुआ मामला

आरोपी ने कहा कि वह आगे से ऐसी हरकत कभी नहीं करेगा, जिसके बाद लोगों ने उसे छोड़ दिया. हालांकि, किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस वीडियो की जमकर सराहना कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि बेटियों को अपने लिए इसी तरह खड़ा होना पड़ेगा, तभी ऐसे लोगों को सबक मिलेगा. लोग इस वीडियो को खूब लाइक, शेयर और कमेंट कर रहे हैं. वहीं कई लोगों का कहना है कि इस तरह की पिटाई देखने के बाद अब कोई भी मनचला किसी लड़की के साथ ऐसी हरकत करने से पहले सौ बार सोचेगा.