क्या आप भी पेट की गैस और एसिडिटी से हैं परेशान? आपकी किचन में ही छुपा है इन 5 देसी चीजों का राज

क्या आप भी पेट की गैस और एसिडिटी से हैं परेशान? आपकी किचन में ही छुपा है इन 5 देसी चीजों का राज

टीनपी डेस्क (TNP DESK): आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में लोग इतने बिजी हो जाते है की अपनी सेहत का ध्यान ही नहीं रख पाते. अपनी लाइफस्टाइल तो खराब कर ही लेते है, साथ-साथ हम हमारी सेहत और खासकर हमारे पाचन तंत्र पर गहरा असर डालना शुरू कर दिया है. देर रात तक जागना, काम के तनाव में समय पर खाना न खाना और घंटों तक एक ही जगह बैठकर काम करना अब अधिकांश लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है. इन खराब आदतों का सबसे सीधा और बुरा असर हमारे पेट पर पड़ता है. यही वजह है कि आजकल सिर्फ बड़ी उम्र के लोग ही नहीं, बल्कि युवा भी एसिडिटी, गैस, ब्लोटिंग, पेट में जलन और खट्टी डकारें जैसी समस्याओं से लगातार परेशान रहते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जब हमारे पेट का एसिड उल्टा फूड पाइप की तरफ आने लगता है, तो इसे मेडिकल भाषा में 'एसिड रिफ्लक्स' कहा जाता है, जिसके कारण सीने में तेज जलन और भारीपन महसूस होने लगता है.

 

इस परेशानी से निपटने के लिए बार-बार दवाइयां खाने के बजाय अगर हम अपने घर की रसोई की तरफ रुख करें, तो वहां कई ऐसे प्राकृतिक उपाय मौजूद हैं जो पाचन को दुरुस्त कर सकते हैं. इन्हीं में से एक बेहद असरदार चीज है

सौंफ, जिसे खाने के बाद चबाना सिर्फ एक पुरानी परंपरा नहीं बल्कि सेहत के लिए वरदान है. सौंफ में मौजूद खास तत्व पेट की मांसपेशियों को तुरंत आराम पहुंचाते हैं और गैस बनने की प्रक्रिया को रोकते हैं. आप भोजन के बाद एक चम्मच सौंफ चबाकर खा सकते हैं या इसका पानी पी सकते हैं. इसके अलावा, हर भारतीय किचन की शान माना जाने वाला जीरा भी पाचन के लिए एक बेहतरीन औषधि है.जीरा, जीरे के सेवन से शरीर के पाचक एंजाइम्स एक्टिव हो जाते हैं, जिससे भोजन जल्दी और सही तरीके से पचता है, जिसके कारण पेट में भारीपन, गैस और एसिडिटी का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है.रसोई में मौजूद अदरक और इलायची भी पेट की इन दिक्कतों को चुटकियों में दूर करने की क्षमता रखते हैं. अदरक को आयुर्वेद में एक नेचुरल मेडिसिन माना गया है, क्योंकि इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो पेट की अंदरूनी सूजन को कम करते हैं और धीमे पाचन की समस्या को रफ्तार देते हैं. इसे आप सुबह की चाय, हल्के गर्म पानी या खाने में शामिल कर सकते हैं. वहीं दूसरी ओर, छोटी इलायची न केवल मुंह की बदबू को दूर कर ताजगी लाती है, बल्कि इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण पेट को संतुलित रखने और एसिड के लेवल को कम करने का काम करते हैं. इसके साथ ही, भारतीय घरों में पूजनीय मानी जाने वाली तुलसी के पत्ते भी पेट की जलन को शांत करने का एक बेहतरीन देसी तरीका हैं. सुबह खाली पेट तुलसी के कुछ पत्ते चबाने या इसकी हर्बल चाय पीने से पेट को अंदरूनी ठंडक मिलती है.

हालांकि, किचन के इन आसान और चमत्कारी घरेलू उपायों को अपनाने के साथ-साथ आपको अपनी दैनिक आदतों और लाइफस्टाइल में भी कुछ जरूरी सुधार करने होंगे. पेट को पूरी तरह स्वस्थ रखने के लिए हमेशा समय पर खाना खाने की आदत डालें, रात के समय भारी या ज्यादा तेल-मसालेदार भोजन करने से बचें और बहुत अधिक देर तक खाली पेट न रहें. इसके अलावा, रोजाना दिनभर में कम से कम 20 से 30 मिनट की वॉक या हल्की एक्सरसाइज जरूर करें ताकि खाया हुआ खाना आसानी से पच सके. ये छोटी-छोटी मगर बेहद महत्वपूर्ण आदतें और रसोई के ये पांच घरेलू नुस्खे आपकी पाचन से जुड़ी गंभीर समस्याओं को जड़ से खत्म करने में मदद कर सकते हैं. इसके बावजूद, अगर पेट की जलन या एसिडिटी की समस्या लगातार बनी रहती है और आराम नहीं मिलता, तो बिना लापरवाही किए किसी अच्छे डॉक्टर से परामर्श जरूर लेना चाहिए.