क्या आपकी फसल प्राकृतिक आपदा में हुई है बर्बाद? ऐसे उठाएं झारखंड फसल राहत योजना का लाभ

क्या आपकी फसल प्राकृतिक आपदा में हुई है बर्बाद? ऐसे उठाएं झारखंड फसल राहत योजना का लाभ

टीनपी डेस्क (TNP DESK): ज़रा सोचिए, आपने पूरे साल मेहनत करके खेत में फसल तैयार की. बीज खरीदे. खाद डाली. सिंचाई कराई. दिन-रात मेहनत की. लेकिन कटाई से पहले ही बाढ़, सूखा, ओलावृष्टि या तेज बारिश ने आपकी पूरी फसल बर्बाद कर दी. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि अब परिवार कैसे चलेगा और अगली फसल के लिए पैसे कहां से आएंगे. अगर आप भी झारखंड के किसान हैं और प्राकृतिक आपदा के कारण आपकी फसल खराब हो गई है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. झारखंड सरकार की झारखंड राज्य फसल राहत योजना ऐसे ही किसानों को आर्थिक सहारा देने के लिए शुरू की गई है. इस योजना के तहत बिना किसी प्रीमियम के पात्र किसानों को फसल नुकसान होने पर सरकार सीधे आर्थिक सहायता प्रदान करती है, ताकि वे दोबारा खेती शुरू कर सकें और आर्थिक संकट से उबर सकें.

क्या है झारखंड राज्य फसल राहत योजना?

झारखंड राज्य फसल राहत योजना एक सरकारी राहत योजना है. इसका उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है. इस योजना के तहत फसल खराब होने पर किसानों को सीधे सरकार की ओर से मुआवजा दिया जाता है. इसमें किसी बीमा कंपनी की भूमिका नहीं होती और किसानों को किसी प्रकार का प्रीमियम भी नहीं देना पड़ता. यह योजना भूमि मालिक (रैयत) और बटाईदार (भूमिहीन) दोनों तरह के किसानों के लिए लागू है. सरकार का लक्ष्य है कि प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर न हो और वे खेती जारी रख सकें.

योजना का उद्देश्य

इस योजना के प्रमुख उद्देश्य हैं.

  • प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता देना.
  • किसानों की आय को सुरक्षित रखना.
  • खेती के लिए वित्तीय प्रवाह बनाए रखना.
  • कृषि उत्पादन और खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देना.
  • किसानों को बिना आर्थिक बोझ के राहत उपलब्ध कराना

किन प्राकृतिक आपदाओं पर मिलेगा लाभ?

योजना के तहत निम्न प्राकृतिक आपदाओं से फसल नुकसान होने पर सहायता दी जाती है.

  • बाढ़ और जलभराव.
  • सूखा या शुष्क हवाएं. यदि राज्य सरकार ने सूखा घोषित नहीं किया हो.
  • मूसलाधार बारिश.
  • चक्रवात.
  • आंधी और तूफान.
  • भूस्खलन.
  • भूकंप.
  • ज्वालामुखी विस्फोट.
  • प्राकृतिक रूप से लगी आग.
  • व्यापक महामारी.

किन परिस्थितियों में नहीं मिलेगा लाभ?

कुछ स्थितियों को इस योजना में शामिल नहीं किया गया है.

  • युद्ध या परमाणु खतरे से हुई क्षति.
  • किसानों द्वारा अपनाई गई अवैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से हुआ नुकसान.
  • जानबूझकर की गई क्षति.
  • जंगली जानवरों के हमले से फसल नुकसान. इसके लिए वन विभाग की अलग योजनाएं लागू होती हैं

कितना मिलेगा मुआवजा?

फसल क्षति के आधार पर किसानों को आर्थिक सहायता दी जाती है.

  • 30 से 50 प्रतिशत फसल नुकसान होने पर ₹3,000 प्रति एकड़. अधिकतम 5 एकड़ तक.
  • 50 प्रतिशत से अधिक फसल नुकसान होने पर ₹4,000 प्रति एकड़. अधिकतम 5 एकड़ तक.

इस प्रकार पात्र किसान अधिकतम ₹20,000 तक की वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकते हैं.

योजना में खरीफ और रबी दोनों मौसम की प्रमुख फसलें शामिल हैं.

खरीफ फसलें

  • धान.
  • मक्का.

रबी फसलें

  • गेहूं.
  • सरसों.
  • चना.
  • आलू.

फसल क्षति का आकलन फसल कटाई प्रयोग (Crop Cutting Experiment) के आधार पर किया जाता है.

कौन-कौन किसान हैं पात्र?

योजना का लाभ लेने के लिए किसान को निम्न शर्तें पूरी करनी होंगी.

  • झारखंड का स्थायी निवासी होना चाहिए.
  • लघु या सीमांत किसान होना चाहिए.
  • रैयत या बटाईदार किसान होना चाहिए.
  • आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए.
  • आधार कार्ड होना आवश्यक है.
  • भूमि संबंधी वैध दस्तावेज. एलपीसी या भूमि रसीद होना चाहिए.
  • सरकारी या गैर-मेजरुआ भूमि पर वैध पट्टे के साथ खेती करने वाले किसान भी पात्र हैं.
  • न्यूनतम 10 डेसिमल और अधिकतम 5 एकड़ भूमि तक लाभ मिलेगा.
  • कम से कम 20 प्रतिशत फसल क्षति होना आवश्यक है.

सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला किसानों, पहाड़ी जनजाति और आदिम जनजाति के किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने पर भी विशेष जोर देती है.

किन लोगों को योजना का लाभ नहीं मिलेगा?

निम्न श्रेणी के लोग इस योजना के पात्र नहीं हैं.

  • वर्तमान या पूर्व सांसद, विधायक और मंत्री.
  • नगर निकाय और जिला परिषद के वर्तमान अध्यक्ष.
  • केंद्र या राज्य सरकार के नियमित कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त अधिकारी. समूह-डी और बहुकार्य कर्मचारी को छोड़कर.
  • ₹10,000 या उससे अधिक मासिक पेंशन पाने वाले पेंशनभोगी. समूह-डी को छोड़कर.
  • आयकरदाता.
  • प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट और आर्किटेक्ट.

किसानों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह योजना?

झारखंड जैसे कृषि प्रधान राज्य में मौसम की अनिश्चितता किसानों के लिए सबसे बड़ी चुनौती है. ऐसे समय में झारखंड राज्य फसल राहत योजना किसानों को बिना प्रीमियम के आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है. यह योजना किसानों को राहत देने के साथ-साथ उन्हें दोबारा खेती करने के लिए आर्थिक रूप से सक्षम बनाती है. यदि किसान पात्रता की सभी शर्तें पूरी करते हैं और समय पर योजना में पंजीकरण कराते हैं. तो प्राकृतिक आपदा की स्थिति में उन्हें सरकार से सीधे वित्तीय सहायता मिल सकती है. यही कारण है कि यह योजना झारखंड के लाखों किसानों के लिए संकट की घड़ी में एक महत्वपूर्ण सहारा बनकर उभरी है.