FIH Women's Nations Cup 2026: न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम बनी चैंपियन

FIH Women's Nations Cup 2026: न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर भारतीय महिला हॉकी टीम बनी चैंपियन

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को ऑकलैंड में खेले गए खिताबी मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर एफआईएच महिला नेशन्स कप 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया है. इस शानदार जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अगले सीजन के एफआईएच हॉकी महिला प्रो लीग में भी अपनी जगह सुरक्षित कर ली है. भारत के लिए नवनीत कौर ने चौथे मिनट में पहला गोल दागा, जबकि सुनेलिता टोप्पो ने 15वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया.

मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया. न्यूजीलैंड ने शुरुआती पलों में गेंद पर नियंत्रण जरूर रखा, लेकिन चौथे मिनट में नवनीत कौर ने बेहतरीन पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी. इसके बाद पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने दीपिका के शॉट को डिफ्लेक्ट करते हुए दूसरा गोल दागा. फाइनल मुकाबले में शानदार खेल दिखाने के लिए लालरेम्सियामी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया, जबकि दीपिका छह गोल के साथ टूर्नामेंट की संयुक्त टॉप स्कोरर रहीं.

आपको बता दें, यह भारत का दूसरा नेशन्स कप खिताब है, इससे पहले टीम ने 2022 में इसके उद्घाटन संस्करण को जीता था. पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही और उसने पूल चरण में अमेरिका, जापान और उरुग्वे को हराने के बाद सेमीफाइनल में चिली को 6-0 से करारी शिकस्त दी थी. इस ऐतिहासिक सफलता पर हॉकी इंडिया ने पूरी टीम की सराहना करते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये और प्रत्येक सपोर्ट स्टाफ सदस्य को 1.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है.