नए प्रधानपति के साथ लौट रही है पंचायत सीरीज, जानिए कब आएगा नया सीजन

अगर आपको फुलेरा गांव की राजनीति, सचिव जी की उलझनें, प्रधान जी का अंदाज और बनराकस की चालें याद आ रही हैं, तो अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. 'पंचायत' का पांचवां सीजन जल्द ही दस्तक देने वाला है.

नए प्रधानपति के साथ लौट रही है पंचायत सीरीज, जानिए कब आएगा नया सीजन

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): अगर आपको फुलेरा गांव की राजनीति, सचिव जी की उलझनें, प्रधान जी का अंदाज और बनराकस की चालें याद आ रही हैं, तो अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. 'पंचायत' का पांचवां सीजन जल्द ही दस्तक देने वाला है. इस बार कहानी सिर्फ गांव की राजनीति और हंसी-मजाक तक सीमित नहीं रहने वाली, बल्कि फुलेरा में बदले सत्ता समीकरणों के बीच नए विवाद और नई चुनौतियां भी देखने को मिलेंगी.

अमेजन प्राइम वीडियो ने सीरीज के पांचवें सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. 'पंचायत 5' आने वाले 3 दिसंबर 2026 को OTT पर रिलीज होगी. मेकर्स ने सोशल मीडिया पर नया पोस्टर शेयर करते हुए फैंस को इसकी जानकारी दी. पोस्टर के साथ लिखा गया, 'थोड़ी तकरार, थोड़ा प्यार रहेगा, फुलेरा में आपका इंतजार रहेगा.'

पुराने चेहरे, नई कहानी

पंचायत की खासियत हमेशा से इसकी सादगी रही है. गांव की छोटी-छोटी समस्याएं, पंचायत भवन में होने वाली बहस, चुनावी खींचतान और किरदारों के बीच की मजेदार बातचीत दर्शकों को इस सीरीज से जोड़ती रही है. पांचवें सीजन में भी यही अंदाज देखने को मिलने वाला है.

जितेंद्र कुमार एक बार फिर अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी के किरदार में नजर आएंगे. वहीं नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सुनीता राजवर, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक जैसे कलाकार भी अपने पुराने किरदारों के साथ लौटेंगे. यानी फुलेरा के उन चेहरों को फिर देखने का मौका मिलेगा, जिनके बिना इस गांव की कहानी अधूरी लगती है.

फुलेरा में अब किसकी चलेगी

इस बार कहानी में सबसे दिलचस्प मोड़ गांव की नई सत्ता को लेकर है. फुलेरा में अब नया शासक है और बनराकस नए प्रधानपति के रूप में क्या करने वाले हैं, इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है. गांव की राजनीति में उनका अगला कदम क्या होगा और उनके फैसलों से बाकी लोगों की जिंदगी कितनी बदलेगी, यही नए सीजन का बड़ा सवाल रहने वाला है.

सत्ता बदलने के साथ गांव में नई खींचतान शुरू होने की उम्मीद है. पुराने रिश्तों में बदलाव आएगा, नए विवाद खड़े होंगे और हर किरदार अपने तरीके से इस बदलते माहौल का सामना करेगा. अब देखना होगा कि बनराकस के वादे फुलेरा को सच में आगे ले जाते हैं या गांव एक बार फिर राजनीति और आपसी टकराव में उलझ जाता है.

पांचवें सीजन तक पहुंचना भी बड़ी बात

'पंचायत' का पांचवां सीजन अपने आप में एक खास उपलब्धि है.  TVF के अध्यक्ष विजय कोशी के मुताबिक, इस सीजन में कहानी के पुराने किरदारों को आगे बढ़ाने के साथ नई चुनौतियां, बदलते रिश्ते और कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलेंगे. उन्होंने प्राइम वीडियो के साथ लंबे सहयोग को भी इस सफर की अहम वजह बताया.

TVF के बनाए इस शो ने बिना बड़े शोर-शराबे के दर्शकों के बीच अपनी अलग जगह बनाई है. अब 3 दिसंबर को एक बार फिर फुलेरा के पंचायत भवन में क्या फैसले होंगे, किसकी राजनीति चलेगी और सचिव जी किन नई परेशानियों में फंसेंगे, इसका जवाब नए सीजन में मिलेगा. फिलहाल फैंस को बस इतना करना है कि फुलेरा लौटने के लिए तैयार रहें.