मां बहन' देख प्रियंका चोपड़ा हुईं इंप्रेस, तृप्ति डिमरी की एक्टिंग पर लुटाया प्यार

मां बहन' देख प्रियंका चोपड़ा हुईं इंप्रेस, तृप्ति डिमरी की एक्टिंग पर लुटाया प्यार

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): NETFLIX पर रिलीज हुई फिल्म 'मां बहन' को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. अब इस फिल्म की तारीफ बॉलीवुड और हॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकीं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास ने भी की है. प्रियंका ने सोशल मीडिया पर फिल्म देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया साझा की और इसकी कहानी के साथ-साथ कलाकारों के अभिनय की जमकर सराहना की.

प्रियंका चोपड़ा ने खास तौर पर माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी और धरना दुर्गा के काम की तारीफ की. उन्होंने कहा कि फिल्म में सभी कलाकारों ने शानदार प्रदर्शन किया है. प्रियंका ने माधुरी दीक्षित को हमेशा की तरह बेहतरीन बताया और कहा कि वह हर बार अपनी मौजूदगी से दर्शकों का ध्यान खींच लेती हैं.

तृप्ति डिमरी के अभिनय की चर्चा भी प्रियंका की पोस्ट में देखने को मिली. उन्होंने तृप्ति को एक असाधारण कलाकार बताया और कहा कि उन्होंने अपने किरदार को पूरी ईमानदारी और मजबूती के साथ निभाया है. प्रियंका ने धरना दुर्गा की भी प्रशंसा की और उनके भविष्य के काम को लेकर उत्सुकता जताई.

फिल्म 'मां बहन' में तृप्ति डिमरी ने जया का किरदार निभाया है. इस भूमिका में उन्होंने कई तरह की भावनाओं को पर्दे पर दिखाया है, कभी वह भावुक नजर आती हैं तो कभी आत्मविश्वास से भरी हुई. बहनों के बीच होने वाली नोकझोंक और गुस्से से भरे दृश्यों में भी उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया है. सोशल मीडिया पर भी तृप्ति के काम की काफी चर्चा हो रही है.

अगर फिल्म की कहानी की बात करें तो 'मां बहन' एक क्राइम कॉमेडी फिल्म है. कहानी में कई ऐसे मोड़ आते हैं जहां झूठ और गलतफहमियां हालात को और उलझा देती हैं. फिल्म मां और उसकी बेटियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक बड़ी मुसीबत में फंस जाती हैं और उससे निकलने की कोशिश करती हैं. कहानी के जरिए महिलाओं की सोच, उनकी इच्छाओं और समाज में उनके प्रति बने नजरियों पर भी सवाल उठाए गए हैं.

फिल्म यह संदेश देने की कोशिश करती है कि हर महिला और हर मां की अपनी अलग पहचान होती है. उन्हें किसी एक तय पैमाने से नहीं परखा जा सकता.

4 जून 2026 को रिलीज हुई 'मां बहन' लगातार दर्शकों का ध्यान खींच रही है. फिल्म में माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी, धरना दुर्गा और रवि किशन ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं. रिलीज के बाद से यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर ट्रेंडिंग सूची में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है.