टीएनपी डेस्क(TNP DESK): वेब सीरीज मिर्जापुर के फैंस के लिए हाल ही में फिल्म मिर्जापुर: द मूवी का टीजर रिलीज किया गया. टीजर सामने आने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की होने लगी कि इसमें बबलू पंडित का किरदार निभाने वाले अभिनेता विक्रांत मेस्सी नजर नहीं आएंगे. उनकी जगह इस बार अभिनेता जितेंद्र कुमार को इस भूमिका में लिया गया है. इसके बाद से लगातार सवाल उठ रहे थे कि आखिर विक्रांत ने फिल्म का हिस्सा बनने से इनकार क्यों किया. अब अभिनेता ने खुद इस पर खुलकर अपनी बात रखी है.
हाल ही में एक ईवेंट के दौरान विक्रांत मेस्सी ने मिर्जापुर के अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि जब इस वेब सीरीज की शूटिंग हो रही थी, तब टीम में ज्यादातर पुरुष ही शामिल थे. उनके मुताबिक कैमरे के सामने हो या कैमरे के पीछे, लगभग 85 प्रतिशत लोग पुरुष थे. उन्होंने कहा कि उस समय माहौल ऐसा था, जहां कई लोग अपने पुरुष अहंकार और पितृसत्तात्मक सोच को दिखाने में ज्यादा दिलचस्पी रखते थे. विक्रांत का कहना था कि उस दौरान किसी को भी अंदाजा नहीं था कि यह वेब सीरीज आगे चलकर इतनी बड़ी सफलता हासिल करेगी.
उन्होंने यह भी बताया कि जब मिर्जापुर रिलीज हुई, तब वह लखनऊ में अपनी फिल्म राम प्रसाद की तेहरवीं की शूटिंग कर रहे थे. शो रिलीज होने के अगले ही दिन उन्हें इसकी लोकप्रियता का अंदाजा हो गया. उन्होंने बताया कि शूटिंग सेट के बाहर अचानक सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. लोग उनके साथ फोटो खिंचवाना और सेल्फी लेना चाहते थे. तभी उन्हें एहसास हुआ कि मिर्जापुर को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल चुका है.
मिर्जापुर वेब सीरीज में विक्रांत मेस्सी ने बबलू पंडित का किरदार निभाया था. यह किरदार गुड्डू पंडित के छोटे भाई का था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया. बबलू की समझदारी, शांत स्वभाव और दमदार अभिनय ने इस किरदार को यादगार बना दिया. हालांकि पहले सीजन में ही इस किरदार का अंत हो गया था, लेकिन इसके बावजूद फैंस लंबे समय से उम्मीद कर रहे थे कि फिल्म में किसी न किसी तरह विक्रांत की वापसी हो सकती है. अब यह साफ हो गया है कि फिल्म में उनकी जगह जितेंद्र कुमार इस किरदार को निभाते नजर आएंगे.
अब दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि जितेंद्र कुमार बबलू पंडित के किरदार में कितना असर छोड़ पाते हैं. वे अपनी अलग पहचान और शानदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं, लेकिन किसी लोकप्रिय किरदार को दोबारा निभाना हमेशा बड़ी चुनौती होती है. ऐसे में फिल्म रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा कि दर्शक उन्हें इस भूमिका में कितना पसंद करते हैं.
वहीं अगर विक्रांत मेस्सी के वर्क फ्रंट की बात करें तो उनके पास कई नए प्रोजेक्ट हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म व्हाइट की हो रही है. इस फिल्म में वह आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर की भूमिका निभाते नजर आएंगे. इस किरदार को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता है. हालांकि फिल्म की रिलीज डेट का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है. दूसरी तरफ मिर्जापुर: द मूवी 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और फैंस को एक बार फिर कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मिर्जापुर की दुनिया बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा.
