Hanu-Man 2 के पोस्टर ने मचाई खलबली, क्या तेजा सज्जा के बिना बनेगा सीक्वल? फैंस हुए हैरान...
Hanu-Man 2: The Rise of Vanaras का ऐलान हो गया है. नए पोस्टर में पांजा वैष्णव तेज और निर्देशक वी आनंद के नाम सामने आए हैं. वहीं, तेजा सज्जा की गैरमौजूदगी ने फैंस के बीच नई चर्चा छेड़ दी है.
साल 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'हनुमैन' ने दर्शकों का दिल जीतने के साथ बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया था. प्रशांत वर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिला. लंबे इंतजार के बाद अब मेकर्स ने इसके सीक्वल का ऐलान कर दिया है. हालांकि, फिल्म के नए पोस्टर और स्टारकास्ट की घोषणा के बाद फैंस के मन में कई सवाल उठने लगे हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस बार तेजा सज्जा फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे?
'हनुमैन 2' का नया पोस्टर आया सामने
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस प्राइमशो एंटरटेनमेंट ने शनिवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर सीक्वल की घोषणा की. मेकर्स ने फिल्म का टाइटल 'हनुमैन 2: द राइज ऑफ वनरास' बताया है. इसके साथ ही एक शानदार पोस्टर भी शेयर किया गया है. पोस्टर में एक मस्कुलर शख्स बादलों के बीच हवा में खड़ा नजर आ रहा है. उसने रस्ट-ऑरेंज रंग की धोती पहनी है और उसके शरीर पर हनुमान जी की पूंछ लिपटी दिखाई दे रही है. बैकग्राउंड में बादलों के बीच महाबली की छवि और सुनहरी रोशनी नजर आती है.
तेजा सज्जा की जगह पंजा वैष्णव तेज?
मेकर्स के मुताबिक, इस फिल्म में पंजा वैष्णव तेज मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन वीआई आनंद करेंगे. इसके अलावा विनय राय, वेनेला किशोर और समुथिरकानी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. फिल्म को तेलुगु के साथ हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज करने की योजना है.
तेजा सज्जा को लेकर फैंस कंफ्यूज
फिल्म के पोस्टर और आधिकारिक घोषणा में तेजा सज्जा का नाम शामिल नहीं होने से फैंस हैरान हैं. सोशल मीडिया पर लोग मेकर्स से लगातार सवाल कर रहे हैं कि क्या तेजा सज्जा इस सीक्वल का हिस्सा होंगे या नहीं. हालांकि, अभी तक मेकर्स ने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है. ऐसे में उनकी वापसी को लेकर स्थिति साफ नहीं है.
बता दें कि साल 2024 में रिलीज हुई 'हनुमैन' ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 295 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. अब सीक्वल की घोषणा के बाद दर्शकों को फिल्म की आगे की जानकारी और कलाकारों से जुड़े नए अपडेट का इंतजार है.