एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाला आरोपी निकला नाबालिग, अब जुवेनाइल कोर्ट में चलेगा मुकदमा

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा अपडेट. स्पेशल मकोका कोर्ट ने आरोपी फूल सिंह को घटना के दिन नाबालिग माना है. अब मामले की सुनवाई जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में होगी.

एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाला आरोपी निकला नाबालिग, अब जुवेनाइल कोर्ट में चलेगा मुकदमा

एक्टर टाइगर श्रॉफ के घर पर हुई फायरिंग के मामले में बड़ा कानूनी घटनाक्रम सामने आया है. मुंबई की स्पेशल मकोका कोर्ट ने आरोपी फूल सिंह को घटना के दिन नाबालिग माना है. कोर्ट के इस फैसले के बाद अब उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्यवाही जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) में होगी.

आरोपी के पिता कोर्ट में पेश किया था दावा 

दरअसल, आरोपी फूल सिंह के पिता ने कोर्ट में आवेदन दाखिल कर दावा किया था कि 18 अक्टूबर 2026 को हुई फायरिंग की घटना के समय उनका बेटा नाबालिग था. कोर्ट में पेश किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, फूल सिंह की जन्मतिथि 30 नवंबर 2008 है.

जांच में पाया गया नाबालिग 

मामले के जांच अधिकारी ने आरोपी के स्कूल रिकॉर्ड, जन्म प्रमाणपत्र और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच कर उनकी पुष्टि की. इन दस्तावेजों के आधार पर स्पेशल जज सत्यनारायण आर. नवंदर ने माना कि घटना के समय फूल सिंह की उम्र 18 वर्ष से कम थी और वह जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के प्रावधानों के तहत नाबालिग था.

 जस्टिस बोर्ड  में होगी सुनवाई 

इसके बाद कोर्ट ने फूल सिंह को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए मुंबई के जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश करने का निर्देश दिया. कोर्ट ने यह आदेश 25 नवंबर 2026 को पारित किया. अब आरोपी के खिलाफ आगे की सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में होगी.

क्या है पूरा मामला?

आपको बता दें कि 18 अक्टूबर 2026 को एक्टर टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी. बताया गया कि टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर घर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाई गईं. इस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और गाड़ी के पास खड़े एक फैन को गोली लगी थी. घटना के बाद टाइगर श्रॉफ खुद गाड़ी चलाकर अपने घायल ड्राइवर को अस्पताल लेकर पहुंचे थे. इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से लिए जाने का दावा किया गया था.

पुलिस ने शुरू की कारवाई 

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए अब तक 13 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अब मुख्य कानूनी घटनाक्रम यह है कि आरोपी फूल सिंह को घटना के समय नाबालिग माने जाने के बाद उसके खिलाफ आगे की कार्यवाही सामान्य अदालत के बजाय जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में होगी.