"पठानों से कहना, चौहान आ रहा है!" अजय देवगन की नई फिल्म का धमाकेदार ऐलान, कश्मीर की पृष्ठभूमि पर दिखेगा मिशन

"पठानों से कहना, चौहान आ रहा है!" अजय देवगन की नई फिल्म का धमाकेदार ऐलान, कश्मीर की पृष्ठभूमि पर दिखेगा मिशन

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): अगर आप भी एक्टर अजय देवगन के फैन हैं और इस आस में बैठे हैं की बॉलीवुड के सुपरस्टार अजय देवगन की फिल्म कब आएगी तो ये आपके लिए काम की खबर है. फ़ीमी जगत में एक और बड़े एक्शन ड्रामा की एंट्री हो चुकी है जहां रणवीर सिंह की चर्चित फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद अब निर्माता एक नई और दमदार कहानी लेकर आ रहे हैं. इस बार पर्दे पर अजय देवगन एक ऐसे किरदार में नजर आने वाले हैं, जिसकी पहली झलक ने ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. फिल्म का नाम ‘चौहान’ है और इसके टीजर में सुनाई दिया एक संवाद“पठानों से कहना, चौहान आ रहा है”सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. जियो स्टूडियोज और आनंद एल राय की प्रोडक्शन कंपनी कलर येलो प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही इस फिल्म का आधिकारिक ऐलान 25 जून को किया गया. फिल्म का निर्देशन और लेखन नीरज यादव ने किया है. वहीं, अजय देवगन के साथ अभिनेता जीशान अय्यूब भी अहम भूमिका में नजर आएंगे.

कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित दिख रही कहानी
रिलीज किए गए टीजर से संकेत मिलता है कि फिल्म की कहानी कश्मीर में आतंकवाद, सुरक्षा चुनौतियों और संघर्ष से जुड़े मुद्दों के इर्द-गिर्द घूम सकती है. टीजर की शुरुआत “पुलवामा, कश्मीर (2018)” के जिक्र से होती है, जिसके बाद जीशान अय्यूब की आवाज सुनाई देती है. संवादों के जरिए सुरक्षा बलों की चुनौतियों और हालात की गंभीरता को दर्शाने की कोशिश की गई है.

इसके बाद अजय देवगन की दमदार आवाज सुनाई देती है, जो हालात पर सवाल उठाते हुए कड़ा जवाब देने की बात करते हैं. टीजर का सबसे चर्चित पल आखिर में आता है, जब अजय देवगन की एंट्री होती है और वह कहते हैं, “75 साल बाद जवाब आ रहा है, पठानों से कहना चौहान आ रहा है.” फिल्म में उनके किरदार का नाम ‘चौहान’ बताया गया है.

कब रिलीज होगी फिल्म?
फिलहाल टीजर में अजय देवगन की केवल झलक दिखाई गई है, जबकि जीशान अय्यूब के किरदार को अभी पूरी तरह सामने नहीं लाया गया है. मेकर्स ने फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार करने की योजना बनाई है. ‘चौहान’ 1 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. टीजर के सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह बढ़ गया है और अब सभी को इसके अगले अपडेट का इंतजार है.