सोनम वांगचुक का नहीं हैं 3 idiots से कोई कनेक्शन,अफवाहों पर लगा विराम

सोनम वांगचुक का नहीं हैं 3 idiots से कोई कनेक्शन,अफवाहों पर लगा विराम

TNP DESK: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने आखिरकार उस लंबे समय से चली आ रही धारणा पर विराम लगा दिया, जिसमें कहा जाता था कि फिल्म '3 इडियट्स' का चर्चित किरदार फुंसुख वांगडू (रैंचो), लद्दाख के इंजीनियर और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक से प्रेरित था. लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल (LIFF) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आमिर ने साफ शब्दों में कहा कि फिल्म की कहानी लिखे जाने के समय न तो उन्हें सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी थी और न ही लेखक उनके काम से परिचित थे.

आमिर खान ने कहा कि लोगों के बीच यह गलत धारणा बन गई है कि '3 इडियट्स' की कहानी सोनम वांगचुक के जीवन पर आधारित है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है. उन्होंने बताया कि फिल्म बनने के बाद उनकी मुलाकात और पहचान सोनम वांगचुक से हुई. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए वांगचुक जो प्रयास कर रहे हैं, वे पूरी तरह सही और सराहनीय हैं. आमिर ने चिंता जताई कि वांगचुक लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं और अब उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है. ऐसे में कई लोग चाहते हैं कि वह अपना अनशन समाप्त कर दें.

कार्यक्रम के दौरान आमिर खान ने अपने सह-कलाकार ओमी वैद्य के हालिया वायरल वीडियो का भी जिक्र किया. फिल्म में चतुर रामलिंगम का किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य ने अपने वीडियो में सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करते हुए यह दावा किया था कि फुंसुख वांगडू का किरदार उन्हीं से प्रेरित था. इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर आमिर खान से प्रतिक्रिया देने की मांग तेज हो गई थी. आमिर ने स्पष्ट कहा कि ओमी वैद्य की यह बात तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है.

आमिर खान ने आगे कहा कि सोनम वांगचुक का सम्मान उनके अपने कार्यों की वजह से होना चाहिए. उन्हें सम्मान देने के लिए यह साबित करने की जरूरत नहीं है कि फिल्म का कोई किरदार उनके जीवन से प्रेरित था. उनके अनुसार, वांगचुक ने शिक्षा और समाज के लिए जो योगदान दिया है, वही उन्हें सम्मान दिलाने के लिए पर्याप्त है.

इन दिनों सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. यह आंदोलन NEET परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद शुरू किया गया था. उनका कहना है कि देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए. इसी मांग को लेकर उन्होंने आमरण अनशन शुरू किया, जिसे अब दो सप्ताह से अधिक समय हो चुका है.

मौके से सामने आ रही जानकारी के अनुसार, लगातार उपवास की वजह से 59 वर्षीय सोनम वांगचुक की सेहत तेजी से गिर रही है. बताया जा रहा है कि उनका वजन लगभग 8 से 9 किलोग्राम तक कम हो चुका है. साथ ही उनका ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर स्तर भी काफी नीचे पहुंच गया है, जिसे लेकर डॉक्टरों और समर्थकों ने चिंता जताई है.

अपने संबोधन के अंत में आमिर खान ने भी सोनम वांगचुक से अपील की कि वे अपने जीवन और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें. उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई महत्वपूर्ण है, लेकिन देश को उनकी जरूरत है. इसलिए वे अपना अनशन समाप्त करने पर विचार करें, ताकि स्वस्थ रहकर अपने अभियान को आगे बढ़ा सकें.