दिल्ली में गुरु रंधावा के जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी, विश्नोई गैंग पर शक

दिल्ली में गुरु रंधावा के जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी, विश्नोई गैंग पर शक

TNP DESK:राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब सुबह-सुबह एक जिम के बाहर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. यह घटना पुष्कर एन्क्लेव स्थित एक फिटनेस सेंटर के बाहर हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक बाइक पर सवार होकर जिम के बाहर पहुंचे. दोनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे. मौके पर पहुंचते ही उन्होंने जिम के शीशे वाले दरवाजों की ओर कई राउंड फायरिंग की और तुरंत वहां से फरार हो गए. गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए.

घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट और ऑडियो संदेश वायरल होने लगा, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी ली. वायरल संदेश में कहा गया कि यह केवल चेतावनी है. साथ ही यह भी दावा किया गया कि पंजाबी गायक गुरु रंधावा के अभिनेता सलमान खान से संबंध होने के कारण उनके नाम से जुड़े प्रतिष्ठान को निशाना बनाया गया.

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और स्पेशल सेल की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है और वायरल हो रहे ऑडियो व सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है.

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जिस जिम पर हमला हुआ, वह सीधे तौर पर गुरु रंधावा की निजी संपत्ति नहीं है, बल्कि उनके ब्रांड से जुड़ी एक फ्रेंचाइजी बताई जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है.