टीएनपी डेस्क (TNP DESK): सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है. इस केस के आरोपी अनमोल बिश्नोई ने मुंबई की विशेष मकोका कोर्ट में सरेंडर करने की इच्छा जताई है. इसके लिए उसने अदालत में याचिका भी दाखिल की है. फिलहाल अनमोल दिल्ली की तिहाड़ जेल में एक दूसरे मामले में बंद है. ऐसे में उसने कोर्ट से कहा है कि उसे इस केस में पेश होने का मौका दिया जाए.
अनमोल बिश्नोई का कहना है कि वह कानूनी प्रक्रिया में शामिल होना चाहता है और अदालत के सामने अपना पक्ष रखना चाहता है. चूंकि वह पहले से जेल में है, इसलिए बिना कोर्ट के आदेश के मुंबई नहीं आ सकता. इसी वजह से उसने अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की है, ताकि उसे तिहाड़ जेल से मुंबई लाया जा सके. अगर ऐसा संभव नहीं हो, तो उसने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी की भी मांग की है.
याचिका में यह भी कहा गया है कि उसके सरेंडर करने से जांच पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उल्टा इससे केस की सुनवाई और तेजी से आगे बढ़ सकेगी. उसने अदालत से निष्पक्ष सुनवाई का मौका देने की भी अपील की है.
अनमोल बिश्नोई फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है. उसे पिछले साल अमेरिका से भारत लाया गया था, जिसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उसे गिरफ्तार किया था. मुंबई पुलिस भी उसे सलमान खान फायरिंग केस का अहम आरोपी मानती है और उससे पूछताछ करना चाहती है.
यह मामला 14 अप्रैल 2024 का है, जब मुंबई के बांद्रा स्थित सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक सवार दो लोगों ने फायरिंग की थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया. फिलहाल इस केस में कई आरोपी जेल में हैं और उनके खिलाफ अदालत में सुनवाई चल रही है.
अब सबकी नजर मुंबई की विशेष मकोका अदालत पर है. अगर कोर्ट अनमोल बिश्नोई की याचिका मंजूर कर लेती है, तो उसे इस मामले में मुंबई लाकर पेश किया जाएगा. माना जा रहा है कि उसकी पेशी के बाद इस केस की जांच और ट्रायल में आगे की कार्रवाई तेज हो सकती है.
