रोहित शेट्टी को 20 करोड़ की रंगदारी की धमकी, लॉरेंस गैंग के निशाने पर बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर

रोहित शेट्टी को 20 करोड़ की रंगदारी की धमकी, लॉरेंस गैंग के निशाने पर बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): बॉलीवुड के मशहूर फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चर्चा में हैं. उन्हें कथित तौर पर लॉरेंस गैंग की ओर से 20 करोड़ रुपये की रंगदारी देने की धमकी मिली है. धमकी एक ऑडियो क्लिप के जरिए भेजी गई है. क्लिप में कहा गया है कि अगर तय रकम नहीं दी गई तो इस बार निशाना सीधे रोहित शेट्टी होंगे. इस धमकी के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.

शनिवार सुबह रोहित शेट्टी के स्टाफ को करीब 90 सेकंड का एक ऑडियो मैसेज मिला. स्टाफ ने बिना देरी किए यह क्लिप पुलिस को सौंप दी. शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि इस ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज लॉरेंस गैंग से जुड़े वांटेड आरोपी शुभम लोणकर की हो सकती है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस ने ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आवाज किसकी है और क्लिप असली है या नहीं.

यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले भी रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना हो चुकी है. इसी साल जनवरी के आखिर में देर रात जुहू स्थित उनके घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाई थीं. उस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी.

बाद में जांच के दौरान पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपी दीपक शर्मा को आगरा से गिरफ्तार किया था. पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह सोशल मीडिया के जरिए लॉरेंस गैंग के संपर्क में आया और उनके प्रभाव में आकर इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की.

क्राइम ब्रांच ने इस केस में चार्जशीट भी अदालत में दाखिल की है. जांच एजेंसियों का कहना है कि इस पूरे मामले में कई लोगों की भूमिका सामने आई है. कुछ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि कुछ अब भी फरार हैं. फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और पुलिस अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही है.

फिलहाल मुंबई पुलिस धमकी वाले ऑडियो की हर पहलू से जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऑडियो किस जगह से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. सुरक्षा एजेंसियां रोहित शेट्टी और उनके परिवार की सुरक्षा पर भी नजर बनाए हुए हैं.

वर्क फ्रंट की बात करें तो रोहित शेट्टी की पिछली फिल्म 'सिंघम अगेन' बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी और दर्शकों ने इसे काफी पसंद किया था. वहीं उनकी अगली बड़ी फिल्म 'गोलमाल 5' की तैयारी भी जारी है. इस बीच मिली धमकी ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.