वेम्बली में इतिहास रचने के बाद दिलजीत का बड़ा ऐलान, अब नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करेंगे कॉन्सर्ट

दिलजीत दोसांझ ने लंदन के वेम्बली स्टेडियम में परफॉर्मेंस के दौरान अपने अगले बड़े कॉन्सर्ट का ऐलान किया. दिलजीत 21 नवंबर 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म करेंगे. उन्होंने Coldplay के कॉन्सर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि इतने बड़े स्टेडियम में पंजाबी कलाकार की परफॉर्मेंस भी होनी चाहिए.

वेम्बली में इतिहास रचने के बाद दिलजीत का बड़ा ऐलान, अब नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करेंगे कॉन्सर्ट

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का जलवा अब लंदन के वेम्बली स्टेडियम के बाद अहमदाबाद में देखने को मिलेगा. शनिवार, 12 सितंबर को वेम्बली में हजारों फैन्स के सामने परफॉर्म करते हुए दिलजीत ने अपने अगले बड़े शो का ऐलान किया. उन्होंने बताया कि 21 नवंबर 2026 को वह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कॉन्सर्ट करेंगे. जैसे ही दिलजीत ने मंच से अहमदाबाद का नाम लिया, स्टेडियम में मौजूद फैन्स ने तालियों और चीयर्स के साथ इसका स्वागत किया.

यह ऐलान दिलजीत के 'ऑरा वर्ल्ड टूर' के दौरान हुआ है. अहमदाबाद में उनका यह शो कई मायनों में खास होने वाला है. एक तरफ वह 2024 के 'दिल-लुमिनाटी इंडिया टूर' के बाद एक बार फिर इस शहर में लौट रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इस बार मंच नरेंद्र मोदी स्टेडियम जैसा बड़ा वेन्यू होगा.

Coldplay के कॉन्सर्ट का किया जिक्र

अहमदाबाद में होने वाले अपने शो की बात करते हुए दिलजीत ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम के साथ Coldplay का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत का सबसे बड़ा स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम है और यहां एक विदेशी बैंड अपने शो के सारे टिकट बेच चुका है.

दिलजीत ने Coldplay की कामयाबी की तारीफ भी की. इसके बाद अपने अंदाज में उन्होंने कहा कि अगर भारत में इतना बड़ा स्टेडियम है तो वहां किसी पंजाबी कलाकार की परफॉर्मेंस भी जरूर होनी चाहिए. उनकी इस बात पर वेम्बली में मौजूद दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं.

फिलहाल अहमदाबाद कॉन्सर्ट के टिकटों की कीमत और बुकिंग कब शुरू होगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. माना जा रहा है कि इससे जुड़ी डिटेल आने वाले समय में जारी की जाएगी.

वेम्बली में पहले पंजाबी सिंगर के तौर पर बड़ी उपलब्धि

अहमदाबाद शो के ऐलान से पहले दिलजीत ने वेम्बली स्टेडियम में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की. वह यहां मुख्य कलाकार के तौर पर परफॉर्म करने वाले पहले पंजाबी सिंगर बने.

दिलजीत ने भी इस मौके को अपने करियर का खास पल बताया. कॉन्सर्ट की शुरुआत उन्होंने अपने चर्चित अंदाज में 'पंजाबी आ गए वेम्बली ओये' कहते हुए की. इसके बाद पूरा स्टेडियम पंजाबी गानों की धुन पर झूमता नजर आया.

करीब 90 हजार दर्शकों की क्षमता वाले वेम्बली स्टेडियम में अलग-अलग देशों और बैकग्राउंड के फैन्स पहुंचे थे. दो घंटे से ज्यादा चले शो में दिलजीत ने 'GOAT', 'Lover', 'Hass Hass' और 'Born To Shine' जैसे अपने कई हिट गानों पर परफॉर्म किया.

फैन्स के साथ भी बिताया वक्त

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने सिर्फ लगातार गाने ही नहीं गाए, बल्कि बीच-बीच में दर्शकों से बातचीत भी की. उन्होंने कई फैन्स को स्टेज पर बुलाया. इनमें बच्चे और एक बुजुर्ग महिला भी शामिल थीं. इस दौरान वेम्बली में मौजूद फैन्स का उत्साह लगातार बना रहा.

कॉन्सर्ट का अंत भी दिलजीत ने अपने पंजाबी अंदाज में किया. 'मैं हूं पंजाबी' गाने के साथ उनकी आखिरी परफॉर्मेंस हुई और आतिशबाजी के बीच शो खत्म हुआ.

वेम्बली में दिलजीत का यह कॉन्सर्ट पंजाबी म्यूजिक की बढ़ती ग्लोबल पहुंच की एक बड़ी तस्वीर बनकर सामने आया. अब इसी के साथ उन्होंने भारत में अपने अगले बड़े शो का माहौल भी तैयार कर दिया है. 21 नवंबर को नजर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर होगी, जहां दिलजीत एक बार फिर बड़े मंच पर अपने फैन्स के बीच दिखाई देंगे.