TNP DESK: कपूर परिवार की बेटी अंशुला कपूर ने 6 जुलाई 2026 को अपने लॉन्ग-टाइम पार्टनर रोहन ठक्कर के साथ शादी के बंधन में बंधकर नई पारी की शुरुआत की. शादी समारोह में पूरा कपूर परिवार मौजूद रहा. इस दौरान पिता बोनी कपूर और भाई अर्जुन कपूर भावुक नजर आए और परिवार के साथ कई यादगार पल कैमरे में कैद हुए.
हालांकि, शादी की सबसे ज्यादा चर्चा अंशुला के ब्राइडल लुक की रही. उन्होंने पारंपरिक आइवरी या न्यूड शेड्स की जगह पीच और पिंक कॉन्ट्रास्ट वाला खूबसूरत लहंगा चुना, जिसने उनके लुक को अलग पहचान दी. मशहूर डिजाइनर तरुण तहिलियानी द्वारा तैयार किए गए इस कस्टमाइज्ड ब्राइडल आउटफिट की कीमत मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 8 लाख रुपये या उससे अधिक बताई जा रही है. डिजाइनर की वेबसाइट पर उपलब्ध इसी तरह के एक हैंड-एम्ब्रॉयडर्ड कशीदा लहंगे की कीमत ₹8,05,700 दर्ज है.

अंशुला के लहंगे पर सुनहरे धागों से की गई महीन जरदोजी, फ्लोरल और पेसली कढ़ाई ने भारतीय शिल्पकला की खूबसूरती को बखूबी उभारा. उन्होंने इसे मैचिंग स्कल्प्टेड ब्लाउज और बंधनी बनारसी दुपट्टे के साथ स्टाइल किया, जिससे उनका ब्राइडल लुक और भी शाही नजर आया. हल्के मेकअप और क्लासिक ज्वेलरी ने उनके पूरे लुक को सादगी और एलिगेंस का बेहतरीन संतुलन दिया.
अंशुला के वेडिंग लुक की सबसे खास बात उनकी मां की याद से जुड़ी रही. उन्होंने अपनी शादी में अपनी दिवंगत मां का 42 साल पुराना गोल्ड टिश्यू और जरदोजी वाला दुपट्टा ओढ़ा. यह विरासत में मिला दुपट्टा उनके ब्राइडल लुक का सबसे भावुक और खास हिस्सा बन गया.

शादी की तस्वीरें साझा करते हुए अंशुला ने बताया कि उन्होंने पहले से तय कर रखा था कि जब भी वह दुल्हन बनेंगी, अपनी मां का यही दुपट्टा जरूर पहनेंगी. उन्होंने लिखा कि उनके पूरे ब्राइडल लुक की डिजाइनिंग इसी अनमोल विरासत को केंद्र में रखकर की गई, ताकि मां की याद उनके सबसे खास दिन का हिस्सा बन सके.
अंशुला का यह भावनात्मक अंदाज और पारंपरिक विरासत से जुड़ा ब्राइडल लुक सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है. फैशन एक्सपर्ट्स भी उनके इस टाइमलेस और ग्रेसफुल वेडिंग स्टाइल की जमकर तारीफ कर रहे हैं.


