टीएनपी डेस्क(TNP DESK): अगर आप फिल्मों के शौकीन हैं और इस हफ्ते थिएटर में कुछ नया देखने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए कई शानदार विकल्प मौजूद हैं. जुलाई के आखिरी हफ्ते में हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड और साउथ सिनेमा तक कई बड़ी फिल्में रिलीज होने जा रही हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा मार्वल की सुपरहीरो फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' को लेकर है. इसके अलावा पंकज त्रिपाठी की फिल्म, राघव जुयाल की कॉमेडी और कई दिलचस्प कहानियों वाली फिल्में भी दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं.
स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे
मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' 30 जुलाई को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में टॉम हॉलैंड एक बार फिर स्पाइडर-मैन के किरदार में नजर आएंगे. सुपरहीरो एक्शन, शानदार विजुअल इफेक्ट्स और रोमांच से भरपूर यह फिल्म दुनियाभर के फैंस के बीच काफी चर्चा में है. स्पाइडर-मैन के नए मिशन और उसकी जिंदगी में आने वाली चुनौतियों को फिल्म में दिखाया जाएगा.
ओह माय डॉग
पंकज त्रिपाठी, पवन मल्होत्रा और माही राय की फिल्म 'ओह माय डॉग' 31 जुलाई को रिलीज होगी. यह फिल्म एक ऐसे लड़के की कहानी पर आधारित है, जो अपने खोए हुए पालतू कुत्ते को ढूंढने के लिए निकल पड़ता है. लेकिन उसकी यह तलाश धीरे-धीरे एक बड़े अपराध से जुड़ जाती है. रास्ते में उसे कुत्तों की तस्करी करने वाले गिरोह का पता चलता है. फिल्म में इमोशन, सस्पेंस और इंसान तथा जानवरों के रिश्ते को दिखाने की कोशिश की गई है. इसका निर्देशन अमित राय ने किया है.
भाई तेरा स्टार है
राघव जुयाल, संजय कपूर, निकी वालिया और निहारिका एनएम स्टारर 'भाई तेरा स्टार है' 30 जुलाई को रिलीज होगी. यह एक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें एक ऐसे युवक की कहानी दिखाई गई है जो अभिनेता बनने का सपना देखता है. अपने सपने को पूरा करने की कोशिश में वह कई मजेदार परिस्थितियों में फंस जाता है. फिल्म में संघर्ष, सपने और हंसी का तड़का देखने को मिलेगा.
हनुमान अंश
आध्यात्मिक कहानी पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' 31 जुलाई को सिनेमाघरों में आएगी. यह फिल्म श्री नीब करौरी बाबा के जीवन और भगवान हनुमान के प्रति उनकी गहरी आस्था को दर्शाती है. फिल्म में उनकी आध्यात्मिक यात्रा और लोगों के जीवन पर पड़े उनके प्रभाव को दिखाया गया है. इसमें शोभिनाव सत्य, विहान शेडगे और चंदन के आनंद जैसे कलाकार नजर आएंगे.
मां रामुडु अंदारिवाडु
तेलुगु फिल्म 'मा रामुडु अंदारिवाडु' 30 जुलाई को रिलीज होगी. यह एक भावनात्मक कहानी है, जिसमें रामुडु नाम का युवक अपने पिता के सपने को पूरा करने के लिए अपने घर लौटता है. फिल्म में परिवार, रिश्तों और भावनाओं को केंद्र में रखा गया है. इसमें पल्लकोंडा श्रीराम, स्वाति मंधादी और अनुमुला लक्ष्मण मुख्य भूमिकाओं में हैं.
प्लूटो
मलयालम साइंस फिक्शन कॉमेडी फिल्म 'प्लूटो' भी 30 जुलाई को रिलीज होगी. फिल्म की कहानी विक्की नाम के युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी मुलाकात धरती पर फंसे एक एलियन से होती है. दोनों की दोस्ती आगे चलकर उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव लाती है. फिल्म में नीरज माधव और अजू वर्गीज जैसे कलाकार नजर आएंगे.
उन्माधम
मलयालम क्राइम थ्रिलर 'उन्माधम' 31 जुलाई को रिलीज होगी. कुंचाको बोबन, सिद्दीक और लिजोमोल जोस स्टारर यह फिल्म एक पुलिस कांस्टेबल की कहानी दिखाती है, जो कई साल पुराने एक रहस्यमयी केस की जांच शुरू करता है. जांच के दौरान उसके सामने कई चौंकाने वाले राज सामने आते हैं. फिल्म में सस्पेंस और क्राइम का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा.
कुल मिलाकर जुलाई का आखिरी हफ्ता मूवी फैंस के लिए काफी खास रहने वाला है. अगर आपको एक्शन, कॉमेडी, इमोशनल ड्रामा या थ्रिलर पसंद है, तो इस हफ्ते थिएटर में आपके लिए कई विकल्प मौजूद हैं.
