2026 की अब तक की 5 अंडररेटेड फिल्में, अपनी वॉचलिस्ट में जरूर करें शामिल

2026 में कई बड़ी फिल्मों के बीच कुछ बेहतरीन कहानियां उतनी चर्चा नहीं बटोर सकीं. ‘मैं वापस आऊंगा’ से लेकर ‘अस्सी’, ‘डग डग’ और ‘टोस्टर’ तक, ये फिल्में इमोशन, मिस्ट्री, सामाजिक मुद्दों और डार्क कॉमेडी का अलग अनुभव देती हैं. कुछ हटकर देखना चाहते हैं तो इन्हें अपनी Watchlist में शामिल कर सकते हैं.

2026 की अब तक की 5 अंडररेटेड फिल्में, अपनी वॉचलिस्ट में जरूर करें शामिल

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आजकल की दुनिया में एंटरटेनमेंट के लिए लोग ज्यादातर फिल्में देखना ज्यादा पसंद करते हैं और ऐसे भी 2026 में अब तक एक से बढ़कर एक फिल्में आई हैं. कुछ ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई तो कुछ ने कमाई के कई आंकड़ों को भी पार किया. लेकिन इस साल कुछ फिल्में ऐसी भी हैं, जिनकी स्टोरी लाइन तो बेहतरीन है और साथ ही क्रिटिक्स ने भी इन फिल्मों को काफी अच्छा बताया है, लेकिन इन फिल्मों को उतना रिकॉग्निशन नहीं मिला, जितना इन्हें मिलना चाहिए था. तो अगर आप एक्शन, सस्पेंस और थ्रिलर को छोड़कर कुछ सॉफ्ट और सटल देखना चाहते हैं तो इन फिल्मों को अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं.

मैं वापस आऊंगा

अगर आपको ऐसी फिल्में पसंद हैं, जो खत्म होने के बाद भी कुछ देर तक आपके दिमाग में चलती रहें तो ‘मैं वापस आऊंगा’ देख सकते हैं. फिल्म में नसीरुद्दीन शाह एक ऐसे बुजुर्ग के किरदार में हैं, जिसकी जिंदगी में बीता हुआ वक्त आज भी कहीं न कहीं जिंदा है.

फिल्म की कहानी प्यार, बिछड़ने और बंटवारे की पुरानी यादों के आसपास घूमती है. इसकी खास बात यह है कि फिल्म अपनी कहानी बताने में किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करती. यह धीरे-धीरे आगे बढ़ती है और किरदारों की भावनाओं से आपको जोड़ती है. इम्तियाज अली की यह फिल्म आम लव स्टोरी से अलग है. अगर आपको इमोशनल और सुकून से आगे बढ़ने वाली कहानियां पसंद हैं तो इसे देख सकते हैं.

अस्सी

‘अस्सी’ कोई हल्की-फुल्की फिल्म नहीं है. इसकी शुरुआत एक रेप सर्वाइवर की न्याय की लड़ाई से होती है, लेकिन कहानी आगे बढ़ने के साथ मामला केवल एक अपराध तक सीमित नहीं रहता.

अनुभव सिन्हा की यह फिल्म समाज, सिस्टम और महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा से जुड़े कई सवाल उठाती है. फिल्म में मोहम्मद जीशान अय्यूब, मनोज पाहवा और सुप्रिया पाठक जैसे कलाकार नजर आते हैं. यह उन फिल्मों में से है जो खत्म होने के बाद आपके सामने कुछ सवाल छोड़ जाती है. अगर आपको सामाजिक मुद्दों पर बनी गंभीर फिल्में पसंद हैं तो ‘अस्सी’ को अपनी लिस्ट में रख सकते हैं.

एवरीबडी लव्स सोहराब हांडा

नाम से शायद आपको इसकी कहानी का अंदाजा न लगे, लेकिन ‘एवरीबडी लव्स सोहराब हांडा’ एक दिलचस्प मर्डर मिस्ट्री है. कहानी सोहराब हांडा नाम के व्यक्ति की मौत से शुरू होती है. इसके बाद शक की सुई उसके आसपास रहने वाले लोगों की तरफ घूमने लगती है.

लेकिन फिल्म सिर्फ यह पता लगाने तक सीमित नहीं रहती कि हत्या किसने की. जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, सोहराब की जिंदगी और उसके दोस्तों के साथ उसके रिश्तों की अलग-अलग परतें सामने आती हैं. फिल्म में विनय पाठक अहम किरदार में हैं और इसे रजत कपूर ने डायरेक्ट किया है. अगर सामान्य मर्डर मिस्ट्री से थोड़ा अलग देखना चाहते हैं तो इसे मौका दे सकते हैं.

डग डग

‘डग डग’ इस लिस्ट की सबसे अलग फिल्मों में से एक है. इसकी कहानी एक मोटरसाइकिल के आसपास घूमती है, जिसे धीरे-धीरे लोग भगवान की तरह मानने लगते हैं.

सुनने में कहानी थोड़ी अजीब जरूर लग सकती है, लेकिन फिल्म इसी के जरिए आस्था, अंधविश्वास और लोगों के भरोसे पर बात करती है. फिल्म की खासियत यह है कि यह आपको सीधे यह नहीं बताती कि क्या सही है और क्या गलत. कहानी देखने के बाद फैसला दर्शकों पर छोड़ दिया जाता है. अगर आपको कुछ हटकर और सोचने पर मजबूर करने वाला सिनेमा पसंद है तो ‘डग डग’ देख सकते हैं.

टोस्टर

अगर गंभीर फिल्मों के बीच कुछ हल्का और अलग देखना चाहते हैं तो ‘टोस्टर’ अच्छा ऑप्शन हो सकती है. इसकी कहानी एक ऐसे कंजूस व्यक्ति से शुरू होती है, जो गिफ्ट में दिया हुआ अपना टोस्टर वापस पाने के पीछे पड़ जाता है.

शुरुआत में मामला काफी छोटा और मजेदार लगता है, लेकिन यही टोस्टर धीरे-धीरे उसे ऐसी मुसीबतों में फंसा देता है जहां कहानी अपराध और खतरे तक पहुंच जाती है. फिल्म डार्क कॉमेडी के अंदाज में एक छोटी सी जिद को बड़े बवाल में बदलते हुए दिखाती है. ‘टोस्टर’ नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है.

ये फिल्में भले ही 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल न हों, लेकिन कहानी के मामले में इन्हें नजरअंदाज करना सही नहीं होगा. खास बात यह है कि सभी फिल्मों का अंदाज अलग है. किसी में इमोशन है, किसी में मिस्ट्री तो कोई सामाजिक मुद्दों पर बात करती है. ऐसे में बड़े बजट और स्टार पावर से हटकर अच्छी कहानी देखना चाहते हैं तो इन पांच फिल्मों को अपनी वॉचलिस्ट में जगह दे सकते हैं.