टीएनपी डेस्क (TNP DESK):आजकल शादी के बाद प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करना एक ट्रेंड बन गया है. हाल ही में ट्रैकिंग के बहाने घूमने ले गई मंगेतर ने अपने ही होने वाले पति केतन की अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी.इस घटना से पूरा देश स्तब्ध रह गया था. वहीं, उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के 1 सप्ताह बाद तक पत्नी ने अपने पति को छूने तक नहीं दिया. जब भी पति उसके नजदीक जाने की कोशिश करता था, वह उससे दूर भागती थी और ऐसी-ऐसी धमकियां देती थी, जिससे वह डर गया. इसके बाद उसने सारी बात अपने घर वालों को बता दी.
बॉयफ्रेंड से मर्डर करवाने की दी धमकी
दरअसल, जब भी युवक अपनी पत्नी के पास जाने की कोशिश करता था, वह उसे दूर जाने के लिए कहती थी और कहती थी कि वह उससे प्यार नहीं करती है.अगर वह उसे छूने की कोशिश करेगा, तो वह अपने प्रेमी से उसकी हत्या करवा देगी. इन सब की जानकारी जब युवक के परिवार वालों को लगी, तो उन्होंने अपनी सुरक्षा को देखते हुए पूरे मामले की शिकायत थाने में दर्ज करवाई और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई.आपको बता दें कि यह पूरा अजीबोगरीब मामला हापुड़ के रहने वाले युवक और मेरठ की रहने वाली युवती से जुड़ा है, जहां युवक के पिता ने अपनी ही बहू के खिलाफ महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. उनका कहना है कि उनके बेटे की शादी 25 जून 2026 को पूरे रीति-रिवाज और सभी की सहमति से हुई थी. जब उनका बेटा कमरे में सुहागरात मनाने पहुंचा, तो दुल्हन ने आने से पहले ही साफ मना कर दिया और कहा, "मुझे छूना भी मत, मैं किसी और की अमानत हूं.मुझ पर सिर्फ मेरे प्रेमी का हक है."
ससुराल वालों के सामने प्रेमी से करती थी बात
इतना कहने के बाद भी लड़की नहीं रुकी और उसने दूल्हे को सीधी धमकी दी कि अगर उसने उसे छूने की कोशिश की, तो वह उसकी हत्या करवा देगी. इसके बाद वह पूरे परिवार के सामने ही फोन पर अपने प्रेमी से बात करने लगी.वहीं, शादी की पहली रात दुल्हन की तरफ से प्यार के बजाय इस तरह की धमकी और उसका बर्ताव देखकर वह डर गया.उसने तुरंत लड़की के परिजनों को इसकी जानकारी दी, लेकिन लड़की के परिवार वालों ने कोई खास गंभीरता नहीं दिखाई और कह दिया कि हमारी बेटी को वापस यहां छोड़ जाओ.लेकिन दुल्हन के ससुराल वालों ने उसे अकेले मायके भेजना सही नहीं समझा. वहीं, शादी के महज 3 दिन बाद, यानी 28 जून को, पीड़ित पति ने अपनी पत्नी के प्रेमी को हापुड़ बुलाया और पूरी इज्जत के साथ अपनी पत्नी को उसे सौंप दिया.
दूल्हे के पिता ने महिला थाने में लिखवाई रिपोर्ट
वहीं, लड़की के जाने के बाद परिवार वालों को भविष्य में किसी भी कानूनी पेंच में न फंसना पड़े, इसके लिए उन्होंने थाने में पूरे मामले की लिखित जानकारी दे दी.इस पूरे मामले पर महिला थाना प्रभारी अरुणा राय ने बताया कि युवती किसी दूसरे लड़के से प्यार करती थी, लेकिन उसकी मर्जी के खिलाफ यहां शादी करवाई गई थी. भविष्य में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसे देखते हुए लड़के ने लिखित सूचना दी थी.इसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ यहां से चली गई. दोनों पक्षों की सहमति से पूरे मामले का शांतिपूर्ण तरीके से निपटारा कर दिया गया.

