LPG सिलेंडर के नाम पर हो रही साइबर ठगी, गैस सब्सिडी बंद होने का डर दिखाकर खाली कर रहे बैंक अकाउंट

आज के समय में साइबर ठग लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. कभी बैंक अकाउंट बंद होने का डर दिखाया जाता है, तो कभी बिजली बिल और KYC अपडेट के नाम पर लोगों को फंसाया जाता है.

LPG सिलेंडर के नाम पर हो रही साइबर ठगी, गैस सब्सिडी बंद होने का डर दिखाकर खाली कर रहे बैंक अकाउंट

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आज के समय में साइबर ठग लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. कभी बैंक अकाउंट बंद होने का डर दिखाया जाता है, तो कभी बिजली बिल और KYC अपडेट के नाम पर लोगों को फंसाया जाता है. अब ठगों ने लोगों के घरों में इस्तेमाल होने वाले LPG गैस सिलेंडर को भी ठगी का नया जरिया बना लिया है. खास बात यह है कि इस बार ठग लोगों की जरूरत और सरकारी सब्सिडी का फायदा उठाकर उन्हें अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. इसे देखते हुए ICICI बैंक ने भी अपने ग्राहकों को सावधान रहने की सलाह दी है.

गैस सब्सिडी बंद होने का दिखाते हैं डर

दरअसल, साइबर ठग लोगों को फोन और मैसेज के जरिए निशाना बना रहे हैं. कई बार ठग खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर फोन करते हैं. वे लोगों से कहते हैं कि उनकी गैस सब्सिडी बंद होने वाली है या फिर गैस कनेक्शन की KYC पूरी नहीं है. अगर समय रहते इसे अपडेट नहीं किया गया, तो गैस सिलेंडर की बुकिंग और सब्सिडी मिलने में परेशानी हो सकती है.

आम तौर पर लोग ऐसी बातों को गंभीरता से लेते हैं. इसी भरोसे का फायदा उठाकर ठग लोगों को WhatsApp या SMS के जरिए एक लिंक भेजते हैं. उनसे कहा जाता है कि इस लिंक पर क्लिक करके अपनी जानकारी अपडेट कर लें, ताकि गैस सब्सिडी जारी रहे.

एक क्लिक से खतरे में पड़ सकती है आपकी जानकारी

ठगों का पूरा खेल इसी लिंक के आसपास होता है. जैसे ही कोई व्यक्ति बिना जांच किए लिंक खोलता है, उसे एक फर्जी वेबसाइट पर भेज दिया जाता है. यहां उससे नाम, मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट से जुड़ी जानकारी और दूसरी निजी जानकारियां मांगी जा सकती हैं.

कुछ मामलों में लोगों को APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भी कहा जाता है. ऐसी फाइल फोन में खतरनाक सॉफ्टवेयर इंस्टॉल कर सकती है. इसके जरिए ठग मोबाइल में मौजूद निजी जानकारी और बैंकिंग से जुड़ी जानकारियों तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं. इसलिए किसी भी अनजान लिंक या फाइल पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है.

इन 5 बातों का रखें खास ध्यान

अगर आप भी घर में LPG गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ छोटी-छोटी सावधानियां आपको बड़े नुकसान से बचा सकती हैं.

- गैस सब्सिडी या KYC अपडेट के नाम पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें.

- किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, CVV या बैंकिंग से जुड़ी जानकारी साझा न करें.

- WhatsApp और SMS पर भेजी गई किसी भी APK फाइल को डाउनलोड न करें.

- गैस सिलेंडर की बुकिंग और KYC के लिए संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें.

- फोन करने वाले हर व्यक्ति को गैस एजेंसी या बैंक का कर्मचारी समझकर अपनी जानकारी न दें. जरूरत पड़ने पर सीधे अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करें.

साइबर ठगी होने पर कहां करें शिकायत

कई बार सावधानी बरतने के बावजूद लोग साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं. ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत कार्रवाई करना जरूरी है. अगर आपके बैंक अकाउंट से पैसे कट गए हैं, तो सबसे पहले साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें. इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. अपने बैंक को भी तुरंत इसकी जानकारी दें, ताकि जरूरी कार्रवाई की जा सके.

छोटी सी लापरवाही पड़ सकती है भारी

याद रखिए, साइबर ठगों का तरीका भले ही नया हो, लेकिन उनका मकसद आपकी निजी और बैंकिंग जानकारी हासिल करना ही है. गैस सब्सिडी बंद होने या KYC अधूरी होने का मैसेज देखकर जल्दबाजी में कोई कदम न उठाएं. पहले उसकी सच्चाई जांचें और जरूरत पड़ने पर अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करें. क्योंकि एक अनजान लिंक पर किया गया क्लिक आपकी मेहनत की कमाई को खतरे में डाल सकता है. इसलिए सावधान रहें और दूसरों को भी इस तरह की साइबर ठगी के बारे में जागरूक करें.