TNP Desk: साइबर ठग के मामले दिन-ब-दिन बढ़ते ही जा रहे है. ताज़ा मामला उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने शादी का झांसा देकर एक युवती से करीब 15 लाख रुपये की ठगी कर ली. पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शिकायत के अनुसार, युवती को इंस्टाग्राम पर एक मैरिज ब्यूरो का विज्ञापन दिखाई दिया, जिस पर क्लिक करने के बाद व्हाट्सएप के जरिए बातचीत शुरू हुई. कुछ दिनों बाद राहुल सिंघानिया नाम बताने वाले एक व्यक्ति ने विदेशी नंबर से संपर्क किया और खुद को यूनाइटेड किंगडम (यूके) में रहने वाला सफल व्यवसायी बताया. उसने दावा किया कि उसका कार शोरूम और शॉपिंग मॉल का कारोबार है. बातचीत के दौरान उसने युवती को शादी का प्रस्ताव दिया और विश्वास जीतने के लिए डायमंड रिंग, महंगे उपहार, आभूषण और डॉलर भेजने का वादा किया. इसी बहाने उसने युवती से आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी जानकारियां हासिल कर लीं और बाद में विदेश से पार्सल भेजने का दावा किया.
इसके बाद खुद को पार्सल एजेंसी का कर्मचारी बताने वाले अलग-अलग लोगों ने युवती से संपर्क किया. उन्होंने कहा कि पार्सल में विदेशी मुद्रा और कीमती सामान है, जिसे छुड़ाने के लिए डॉलर को भारतीय मुद्रा में बदलने, इमिग्रेशन शुल्क, कस्टम ड्यूटी और टैक्स जमा करना होगा. इस बहाने युवती से अलग-अलग बैंक खातों, यूपीआई, क्यूआर कोड और ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से लगातार रुपये जमा कराए गए. जब परिवार को शक होने लगा तो ठगों ने नया तरीका अपनाया और दावा किया कि पार्सल में करोड़ों रुपये का सामान मिला है, जिसकी सीबीआई जांच हो सकती है. आरोपियों ने परिवार को जेल भेजने और कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर 5.70 लाख रुपये और जमा कराने का दबाव बनाया.
पीड़ित परिवार के अनुसार, 23 जून से 29 जून के बीच आरोपियों को करीब 15 लाख रुपये भेज दिए गए. इसके बावजूद 30 जून से ठग लगातार और रुपये की मांग करते हुए धमकियां देते रहे. परिवार ने पुलिस को बताया कि यह पूरी रकम युवती की शादी और मकान निर्माण के लिए वर्षों से बचाकर रखी गई थी, जो साइबर ठगी की वजह से चली गई. मामले में एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पिपराइच थाने में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

