School में एडमिशन की रेस शुरू, अपने टोडलर्स को इंटरव्यू से पहले जरूर सिखाएं ये 4 चीजें
रांची के प्रतिष्ठित स्कूलों में नर्सरी एडमिशन की तैयारी कर रहे अभिभावक बच्चों को इंटरव्यू से पहले रंग, नंबर, शेप, सामान्य परिचय और शिष्टाचार जैसी जरूरी बातें सिखाएं.
रांची (RANCHI): राजधानी रांची के प्रतिष्ठित स्कूलों में नर्सरी, प्री-प्राइमरी और प्राइमरी कक्षाओं में बच्चों के दाखिले को लेकर अभिभावकों की तैयारियां शुरू हो गई हैं. अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की चाहत में माता-पिता बड़े और नामी स्कूलों में एडमिशन दिलाने की कोशिश करते हैं. लेकिन इन स्कूलों में दाखिले की प्रक्रिया अब पहले की तुलना में काफी मुश्किल हो गई है. कई स्कूलों में बच्चों के साथ अभिभावकों का भी इंटरैक्शन किया जाता है. ऐसे में इंटरव्यू को लेकर माता-पिता के मन में कई तरह के सवाल रहते हैं. उन्हें चिंता होती है कि आखिर इतनी कम उम्र के बच्चों से क्या पूछा जाएगा और उन्हें किस तरह तैयार किया जाए.
दरअसल, टोडलर्स के एडमिशन के दौरान बच्चों से अक्सर बहुत कठिन सवाल नहीं पूछे जाते. स्कूल प्रबंधन मुख्य रूप से यह जानने की कोशिश करता है कि बच्चा अपने आसपास की चीजों को कितना समझता है, वह कितनी सहजता से बातचीत करता है और नए माहौल में खुद को किस तरह ढाल सकता है. इसलिए इंटरव्यू से पहले बच्चों को कुछ बुनियादी बातें सिखाना काफी जरूरी है.
बच्चों को जरूर सिखाएं ये 4 बुनियादी चीजें

1. रंग, नंबर और शेप की पहचान: बच्चों को अलग-अलग रंगों, अंकों और आकृतियों की पहचान कराना जरूरी है. उनसे लाल, पीला, हरा, नीला जैसे रंगों के नाम पूछें. इसके अलावा एक से दस तक की गिनती, गोल, चौकोर और त्रिकोण जैसी आकृतियों की जानकारी दें.

2. अपना और परिवार का परिचय दें: इंटरव्यू के दौरान बच्चों से उनका नाम, माता-पिता का नाम, उम्र और जन्मदिन जैसी सामान्य जानकारी पूछी जा सकती है. इसके साथ ही पसंदीदा रंग, खाना और खिलौने से जुड़े सवाल भी हो सकते हैं. अभिभावक बच्चों को इन सवालों के जवाब सहज तरीके से देना सिखाएं.

3. बातचीत और आत्मविश्वास बढ़ाना: कई बच्चे अनजान लोगों के सामने बोलने में झिझकते हैं. ऐसे में अभिभावकों को उन्हें बातचीत के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए. बच्चों के साथ रोज कुछ समय बिताएं और उनसे छोटे-छोटे सवाल पूछें. उन्हें दूसरे बच्चों के साथ खेलने और नए लोगों से मिलने का मौका दें. इंटरव्यू में बच्चे का सहज रहना और सवालों को समझकर जवाब देने की कोशिश करना महत्वपूर्ण होता है.

4. अच्छी आदतें और शिष्टाचार सिखाएं: बच्चों को गुड मॉर्निंग, गुड आफ्टरनून, गुड इवनिंग, थैंक यू, प्लीज और सॉरी जैसे सामान्य शिष्टाचार के शब्द जरूर सिखाएं. किसी से मिलने पर अभिवादन करना, अपनी बारी का इंतजार करना और विनम्रता से बात करना जैसी आदतें भी विकसित करें. इसके अलावा बच्चा अभिवादन का जवाब दे सके और जरूरत पड़ने पर हाई-फाइव या हाथ मिलाने जैसी सामान्य गतिविधियों में सहज रहे, इसका भी अभ्यास कराएं.

अभिभावकों से भी पूछे जा सकते हैं सवाल
नर्सरी एडमिशन के दौरान कुछ स्कूलों में केवल बच्चों ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता से भी बातचीत की जाती है. इस दौरान अभिभावकों से बच्चे की दिनचर्या, उसकी पसंद-नापसंद, घर में पढ़ाई के माहौल और स्कूल से उनकी अपेक्षाओं के बारे में पूछा जा सकता है. इसलिए माता-पिता को भी इंटरैक्शन के लिए सामान्य रूप से तैयार रहना चाहिए.