RINPAS में डायरेक्टर पद पर निकली भर्ती, इस दिन तक करें आवेदन, जानें योग्यता और पूरी प्रक्रिया

RINPAS में डायरेक्टर पद पर निकली भर्ती, इस दिन तक करें आवेदन, जानें योग्यता और पूरी प्रक्रिया

रांची (RANCHI): झारखंड सरकार ने रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज यानी RINPAS, कांके में निदेशक पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं. इस पद के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 8 सितंबर की शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.

RINPAS के निदेशक संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO के तौर पर काम करेंगे. उनके जिम्मे संस्थान की विकास योजनाएं तैयार करना और उन्हें प्रभावी तरीके से लागू कराना होगा. इसके साथ ही संस्थान के प्रशासनिक और शैक्षणिक कामकाज को बेहतर तरीके से संचालित करने की जिम्मेदारी भी निदेशक की होगी.

निदेशक पद पर चयनित उम्मीदवार को सातवें वेतन आयोग के लेवल-14 के अनुसार वेतन दिया जाएगा. इस पद पर न्यूनतम मासिक वेतन 1,44,200 रुपये निर्धारित है. इसके अलावा राज्य सरकार के नियमों के तहत नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस यानी NPA और मुफ्त आवास की सुविधा भी दी जाएगी.

इस पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी केंद्र या राज्य सरकार के मनोरोग संस्थान या मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के तौर पर कम से कम 15 साल का अनुभव होना जरूरी है. इसके अलावा उम्मीदवार के पास HOD, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, डीन या यूनिट हेड जैसे पदों पर कम से कम 2 साल काम करने का अनुभव भी होना चाहिए. यानी आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में लंबा प्रशासनिक और शैक्षणिक अनुभव होना जरूरी है.

कार्यरत अधिकारियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 65 साल निर्धारित की गई है. वहीं, सेवानिवृत्त अधिकारियों की अधिकतम उम्र 70 साल होनी चाहिए. नियुक्ति सीधे भर्ती के आधार पर निश्चित अवधि के लिए की जाएगी. चयनित उम्मीदवार का कार्यकाल नियुक्ति की तारीख से 5 साल का होगा.

इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन केवल JAP IT पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा करना होगा. आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और उम्र से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे. निर्धारित समय सीमा यानी 8 सितंबर शाम 6 बजे के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विभाग की ओर से विचार नहीं किया जाएगा. इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि RINPAS निदेशक पद के लिए पहले जारी किए गए 18 मई 2023 और 8 जून 2023 के विज्ञापन अब रद्द कर दिए गए हैं. मौजूदा भर्ती प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को नए विज्ञापन के तहत ही आवेदन करना होगा.