झारखंड हाईकोर्ट में निकली 61 लॉ ऑफिसर्स की भर्ती, जानिए कबसे शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

झारखंड हाईकोर्ट में निकली 61 लॉ ऑफिसर्स की भर्ती, जानिए कबसे शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड सरकार के विधि विभाग ने झारखंड हाईकोर्ट में महाधिवक्ता कार्यालय के लिए विभिन्न श्रेणियों के 61 लॉ ऑफिसर्स की नियुक्ति के लिए अधिसूचना जारी कर दी है. यह भर्ती झारखंड लॉ ऑफिसर (एंगेजमेंट) नियमावली, 2026 के तहत की जाएगी. इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा. अधिसूचना के मुताबिक कुल 61 रिक्तियों में 1 सीनियर एडिशनल एडवोकेट जनरल, 3 एडिशनल एडवोकेट जनरल, 2 स्टैंडिंग काउंसिल, 5 गवर्नमेंट प्लीडर, 40 गवर्नमेंट एडवोकेट और 10 लॉ रिसर्च ऑफिसर के पद शामिल हैं. इन पदों पर नियुक्ति झारखंड हाईकोर्ट में महाधिवक्ता कार्यालय के कार्यों के लिए की जाएगी.

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ईमेल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित (Self-Attested) पीडीएफ कॉपी के साथ lawofficerapt@jharkhandmail.gov.in पर भेजना होगा. डाक या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 11 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. तय समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा. विभाग ने यह भी कहा है कि उम्मीदवार चाहें तो एक से अधिक पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन चयन होने की स्थिति में उन्हें केवल एक पद पर ही नियुक्ति दी जाएगी.

भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अधिसूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि आवेदन में गलत या भ्रामक जानकारी पाए जाने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है. इसके अलावा आवेदकों को अपने पिछले पांच वर्षों के कार्य अनुभव और हाल के 25 मामलों में दिए गए निर्णयों से संबंधित दस्तावेज भी आवेदन के साथ जमा करने होंगे. उम्मीदवारों की पात्रता, चयन प्रक्रिया और मानदेय से संबंधित सभी नियम झारखंड लॉ ऑफिसर (एंगेजमेंट) रूल्स, 2026 तथा विधि विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार लागू होंगे. ऐसे में आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को पूरी अधिसूचना ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है.