PG Admission Alert: रांची यूनिवर्सिटी में 8 अगस्त तक करें आवेदन, फिर नहीं मिलेगा मौका

PG Admission Alert: रांची यूनिवर्सिटी में 8 अगस्त तक करें आवेदन, फिर नहीं मिलेगा मौका

रांची (RANCHI): रांची यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2025-27 के पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए आवेदन और एडमिशन की अंतिम तिथि 8 अगस्त 2026 निर्धारित की है. विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, एमए, एमएससी और एमकॉम में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को तय समय सीमा के भीतर आवेदन और नामांकन की पूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी. यह व्यवस्था विश्वविद्यालय के सभी स्नातकोत्तर विभागों, कॉन्स्टिट्यूएंट कॉलेजों, संबद्ध (एफिलिएटेड) कॉलेजों और अल्पसंख्यक संबद्ध कॉलेजों पर समान रूप से लागू होगी.

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 8 अगस्त के बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. अंतिम तिथि समाप्त होने के साथ ही चांसलर पोर्टल बंद कर दिया जाएगा. ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अब तक आवेदन या नामांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें बिना देरी किए सभी औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है. विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया राज्य सरकार और विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुसार होगी. आरक्षण और वेटेज से संबंधित सभी प्रावधान झारखंड सरकार की वर्तमान नीति के अनुरूप लागू किए जाएंगे. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को केवल झारखंड सरकार के सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध प्रमाणपत्र ही प्रस्तुत करना होगा. अन्य राज्यों या किसी बाहरी प्राधिकरण द्वारा जारी प्रमाणपत्रों को इस प्रक्रिया में मान्य नहीं माना जाएगा.

नामांकन के समय विद्यार्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक और आवश्यक प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने होंगे. विश्वविद्यालय ने चेतावनी दी है कि यदि कोई अभ्यर्थी मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहता है, तो उसका प्रवेश दावा निरस्त किया जा सकता है. फीस भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है. अभ्यर्थियों को आवेदन और नामांकन शुल्क चांसलर पोर्टल के माध्यम से जमा करना होगा. शुल्क संबंधित विभाग या कॉलेज द्वारा निर्धारित फीस संरचना के अनुसार लिया जाएगा. विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि अंतिम समय की तकनीकी परेशानियों से बचने के लिए वे समय रहते आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि नामांकन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.