NEET UG Re-2026 Result: 715 अंक के साथ दो छात्रों ने किया टॉप, लड़कियों ने मारी बाजी

NEET UG Re-2026 Result: 715 अंक के साथ दो छात्रों ने किया टॉप, लड़कियों ने मारी बाजी

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश का रास्ता तय करने वाली NEET (UG) Re-2026 परीक्षा का अंतिम परिणाम राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने जारी कर दिया है. इस बार 11.21 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है. खास बात यह रही कि परिणामों में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा और कुल सफल अभ्यर्थियों में करीब 58 प्रतिशत छात्राएं शामिल हैं.

इस बार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है. इस परीक्षा में किसी भी अभ्यर्थी को पूरे 720 अंक नहीं मिले. वहीं, 700 से अधिक अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 19 रही. गौरतलब है कि NEET (UG) Re-2026 की परीक्षा 21 जून को आयोजित की गई थी. इससे पहले हुई परीक्षा पेपर लीक विवाद के कारण रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद दोबारा परीक्षा कराई गई. पेपर लीक का मामला अभी भी देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे लेकर केंद्र सरकार व शिक्षा मंत्रालय लगातार विपक्ष के निशाने पर हैं.

एनटीए के अनुसार, इस वर्ष करीब 22 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें से लगभग 93 प्रतिशत उम्मीदवार पहली बार परीक्षा दे रहे थे. अधिकांश परीक्षार्थियों की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने बताया कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाया गया. प्रश्नपत्र प्रबंधन से लेकर परीक्षा संचालन और परिणाम जारी करने तक हर चरण में तकनीकी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया, ताकि निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके.

NEET (UG) Re-2026 में सफल हुए अभ्यर्थियों को अब देशभर के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ आयुष एवं अन्य मान्यता प्राप्त चिकित्सा संस्थानों में काउंसलिंग के माध्यम से प्रवेश का अवसर मिलेगा. परिणामों ने एक बार फिर यह दिखाया कि मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने के लिए देशभर के छात्रों के बीच प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है.