JAC ने 11वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026 का शेड्यूल किया जारी, 29 से 31 जुलाई तक होंगी परीक्षाएं

JAC ने 11वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026 का शेड्यूल किया जारी, 29 से 31 जुलाई तक होंगी परीक्षाएं

रांची:झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने कक्षा 11वीं की सप्लीमेंट्री (विशेष) परीक्षा 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. यह परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाएगी, जो वार्षिक परीक्षा 2026 में सफल नहीं हो सके या किसी कारणवश मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे. परिषद के अनुसार विशेष परीक्षा 29 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक राज्यभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी.

जारी कार्यक्रम के मुताबिक विज्ञान और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों की परीक्षाएं प्रथम पाली में सुबह 10:45 बजे से शुरू होंगी, जबकि कला संकाय के छात्रों की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर 2:00 बजे से आयोजित होगी. परीक्षा तिथियों के अनुसार 29 जुलाई को कोर लैंग्वेज (ENA/HNA) की परीक्षा होगी. 30 जुलाई को विज्ञान और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए भौतिकी, रसायन विज्ञान, लेखाशास्त्र और व्यवसाय अध्ययन की परीक्षा ली जाएगी. इसी दिन कला संकाय के विद्यार्थियों के प्रथम, द्वितीय और तृतीय वैकल्पिक विषयों की परीक्षा भी आयोजित होगी. वहीं, 31 जुलाई को विज्ञान और वाणिज्य संकाय के तृतीय एवं चतुर्थ वैकल्पिक विषयों की परीक्षा होगी, जबकि कला संकाय के विद्यार्थियों की ऐच्छिक भाषा की परीक्षा आयोजित की जाएगी.

परिषद ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे 23 जुलाई 2026 से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर संबंधित विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो. इसके साथ ही विद्यालयों को आंतरिक मूल्यांकन के अंक 24 जुलाई से 28 जुलाई 2026 के बीच परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने का निर्देश भी दिया गया है.

JAC ने परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा है कि सभी परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और उसे समझने के लिए निर्धारित समय से पहले 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. परिषद ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा तिथि, समय और प्रवेश पत्र से संबंधित सभी जानकारी पहले ही जांच लें तथा परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचकर परीक्षा में शामिल हों.