JAC Board 2027: आज से भरे जाएंगे मैट्रिक-इंटर के परीक्षा फॉर्म, लगातार दूसरे साल बढ़ी फीस, जानें किसे कितनी देनी होगी राशि

JAC Board Exam 2027 के लिए मैट्रिक और इंटर का परीक्षा फॉर्म 12 नवंबर से शुरू हो रहा है. आवेदन की अंतिम तारीख, बढ़ी हुई फीस और पूरी प्रक्रिया जानें.

JAC Board 2027: आज से भरे जाएंगे मैट्रिक-इंटर के परीक्षा फॉर्म, लगातार दूसरे साल बढ़ी फीस, जानें किसे कितनी देनी होगी राशि

रांची (RANCHI): झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अहम खबर है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से दोनों परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो रही है. परीक्षार्थी जैक की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 26 नवंबर निर्धारित की गई है. वहीं, विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का मौका 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक मिलेगा. सभी संबंधित विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

इस बार परीक्षा फॉर्म भरने के साथ विद्यार्थियों को बढ़ी हुई परीक्षा फीस का भी भुगतान करना होगा. जैक ने बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए मैट्रिक और इंटरमीडिएट के विभिन्न परीक्षा शुल्क में 120 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. खास बात यह है कि बोर्ड ने लगातार दूसरे वर्ष परीक्षा शुल्क में इजाफा किया है. पिछले दो वर्षों के दौरान परीक्षा से संबंधित शुल्क में करीब 40 फीसदी तक की वृद्धि होने की बात सामने आई है. इस फैसले का असर नियमित (Regular) और स्वतंत्र (Private) दोनों श्रेणियों के परीक्षार्थियों पर पड़ेगा.

मैट्रिक और इंटर के विद्यार्थियों को कितनी देनी होगी फीस?
नई शुल्क व्यवस्था के अनुसार, मैट्रिक परीक्षा में छात्राओं को न्यूनतम 1,100 रुपये और अधिकतम 1,800 रुपये तक भुगतान करना पड़ सकता है. सामान्य और EWS वर्ग के विद्यार्थियों के लिए बिना विलंब शुल्क परीक्षा फीस 1,300 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि विलंब शुल्क के साथ उन्हें 1,800 रुपये देने होंगे. वहीं, OBC, SC और ST वर्ग के विद्यार्थियों के लिए शुल्क 1,300 से 1,600 रुपये तक तय किया गया है. इंटरमीडिएट परीक्षा में छात्राओं के लिए न्यूनतम शुल्क 1,220 रुपये और अधिकतम 2,020 रुपये निर्धारित किया गया है. सामान्य और EWS वर्ग के विद्यार्थियों को बिना विलंब शुल्क के 1,520 रुपये तथा विलंब शुल्क के साथ 2,020 रुपये जमा करने होंगे.

बताते चलें कि पिछले वर्ष भी जैक ने मैट्रिक, इंटर समेत नौवीं, ग्यारहवीं, मदरसा, मध्यमा और शिक्षक प्रशिक्षण परीक्षाओं के विभिन्न शुल्कों में बढ़ोतरी की थी. उस दौरान परीक्षा शुल्क में करीब 30 से 32 फीसदी तक इजाफा हुआ था. अब लगातार दूसरे साल फीस बढ़ने से विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों पर भी आर्थिक बोझ बढ़ेगा. जैक ने परीक्षा शुल्क और आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है. परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय पर फॉर्म भर लें.