अगर आप भी झारखंड में करना चाहते हैं मेडिकल की पढ़ाई, तो यह है सुनहरा मौका, एडमिशन प्रक्रिया हुई शुरू

अगर आप भी झारखंड में करना चाहते हैं मेडिकल की पढ़ाई, तो यह है सुनहरा मौका, एडमिशन प्रक्रिया हुई शुरू

रांची (RANCHI): झारखंड में NEET UG 2026 के रिजल्ट के आधार पर मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने MBBS, BDS और BHMS पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए संशोधित काउंसलिंग शेड्यूल जारी किया है. इसके तहत राज्य के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में सीटों पर नामांकन किया जाएगा.

13 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन

संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, मेडिकल काउंसलिंग में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी 13 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसी दिन आवेदन में जरूरी सुधार करने का अवसर भी दिया जाएगा. इसके बाद 14 अगस्त को स्टेट मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी. मेरिट लिस्ट जारी होने के साथ ही पहले राउंड की ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू हो जाएगी. अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के साथ च्वाइस फिलिंग करनी होगी.

14 से 19 अगस्त तक च्वाइस फिलिंग

पहले राउंड की काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थी 14 से 19 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन और सीट आवंटन के लिए च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे. निर्धारित अवधि में अभ्यर्थियों को अपनी प्राथमिकता के अनुसार कॉलेज और पाठ्यक्रम का चयन करना होगा. च्वाइस फिलिंग में बदलाव या सुधार के लिए 20 अगस्त को मौका दिया जाएगा. इसके बाद सीट आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

22 से 28 अगस्त तक सीट अलॉटमेंट लेटर

सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थी 22 से 28 अगस्त तक अपना प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे. वहीं, चयनित अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 23 से 28 अगस्त तक किया जाएगा. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग से संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें और निर्धारित तारीखों के भीतर प्रक्रिया पूरी करें.

इधर, झारखंड के जियोलॉजी से पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे छात्रों के लिए भी राहत की खबर है. खान एवं भूतत्व विभाग के भूतत्व निदेशालय ने भूवैज्ञानिक जांच से संबंधित शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है. अब इच्छुक छात्र 14 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. इससे पहले आवेदन की अंतिम तारीख 25 जुलाई निर्धारित की गई थी. ट्रेनिंग के लिए चयनित छात्रों से उनकी शैक्षणिक योग्यता से जुड़े प्रमाणपत्र और आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों से संबंधित श्रेणी का प्रमाणपत्र मांगा गया है. संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को योग्य छात्रों की सूची निर्धारित समय के अनुसार भेजनी होगी. निदेशालय के मुताबिक, छात्रों से जुड़े जरूरी दस्तावेज 24 अगस्त 2026 तक उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा.

इन संस्थानों के छात्र कर सकते हैं आवेदन

भूवैज्ञानिक प्रशिक्षण में राज्य के कई विश्वविद्यालयों और संस्थानों के जियोलॉजी विभागों के छात्र हिस्सा ले सकेंगे. इनमें रांची विश्वविद्यालय, संत जेवियर कॉलेज, विनोबा भावे विश्वविद्यालय, IIT-ISM धनबाद, नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय, कोल्हान विश्वविद्यालय, सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, सेंट्रल यूनिवर्सिटी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय शामिल हैं.