UPSC प्रीलिम्स पास करते ही मिलेगी ₹1.5 लाख की मदद! झारखंड सरकार ने बढ़ाई सहायता राशि, जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया

UPSC प्रीलिम्स पास करते ही मिलेगी ₹1.5 लाख की मदद! झारखंड सरकार ने बढ़ाई सहायता राशि, जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया

रांची (RANCHI): अगर आपने UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 पास की है और आप झारखंड के अनुसूचित जाति (SC) या अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से आते हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य सरकार अब मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की तैयारी के लिए सफल अभ्यर्थियों को 1.50 लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता देगी. मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति/अनुसूचित जाति सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026, शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.

पहले से ज्यादा मिलेगा लाभ, आय सीमा भी बढ़ी
इस बार सरकार ने योजना में दो बड़े बदलाव किए हैं. पहले जहां सफल अभ्यर्थियों को 1 लाख रुपये की सहायता राशि मिलती थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये कर दिया गया है. इसके अलावा, योजना का लाभ लेने के लिए पारिवारिक वार्षिक आय सीमा को 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दिया गया है. इससे पहले की तुलना में कहीं अधिक अभ्यर्थी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे.

इस योजना का लाभ पाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं
•    आवेदक झारखंड का मूल या स्थायी निवासी होना चाहिए. 
•    UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 में सफल होना अनिवार्य है. 
•    परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 8 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए. 
•    योजना का लाभ केवल एक बार ही मिलेगा. 
•    जो अभ्यर्थी केंद्र या राज्य सरकार की किसी समान प्रोत्साहन योजना का लाभ ले रहे हैं, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे. 

आवेदन के साथ ऑनलाइन जारी किए गए निम्न दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा
•    आवासीय (डोमिसाइल) प्रमाण-पत्र 
•    जाति प्रमाण-पत्र 
•    आय प्रमाण-पत्र 
•    मैट्रिक, इंटर और स्नातक सहित शैक्षणिक प्रमाण-पत्र 
•    UPSC प्रीलिम्स 2026 का एडमिट कार्ड 
•    प्रीलिम्स परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण या रिजल्ट 

इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर उसे भरें. सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने के बाद आवेदन आदिवासी कल्याण आयुक्त कार्यालय, रांची में स्वयं जमा कर सकते हैं. इसके अलावा स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भी आवेदन भेजने की सुविधा उपलब्ध है. योजना के लिए आवेदन 31 जुलाई 2026 को शाम 6:00 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे. इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा. इसलिए पात्र अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है.