NEET UG Counselling 2026 का शेड्यूल जारी, 4 अगस्त से रजिस्ट्रेशन, जानें कब होगा सीट अलॉटमेंट और एडमिशन

NEET UG Counselling 2026 का शेड्यूल जारी, 4 अगस्त से रजिस्ट्रेशन, जानें कब होगा सीट अलॉटमेंट और एडमिशन

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है. मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी (MCC) ने NEET UG Counselling 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. इसके साथ ही ऑल इंडिया कोटा (AIQ), डीम्ड यूनिवर्सिटी, केंद्रीय विश्वविद्यालय, AIIMS, JIPMER समेत MBBS, BDS और B.Sc Nursing पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया भी तय कर दी गई है. इस बार काउंसिलिंग चार चरणों में पूरी कराई जाएगी, जबकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 8 सितंबर 2026 से होगी.

एमसीसी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ऑल इंडिया कोटा की सीटों के लिए 4 अगस्त से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी, जो 17 अगस्त तक चलेगी. इस दौरान अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन, च्वॉइस फिलिंग और सीट चयन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. पहले चरण की काउंसिलिंग पूरी होने के बाद 23 अगस्त को अभ्यर्थियों के जॉइनिंग डेटा का सत्यापन किया जाएगा, जबकि पहले राउंड में चयनित उम्मीदवारों को 22 अगस्त तक संबंधित मेडिकल कॉलेजों में रिपोर्ट कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

इसके बाद दूसरे चरण की काउंसिलिंग 24 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित की जाएगी. इस राउंड में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के डेटा का सत्यापन 9 सितंबर को होगा, जबकि चयनित उम्मीदवारों को 8 सितंबर तक अपने आवंटित संस्थानों में रिपोर्ट करना होगा. तीसरे चरण यानी Round-3 की प्रक्रिया 10 सितंबर से 18 सितंबर तक चलेगी. इस चरण के बाद 27 सितंबर को अभ्यर्थियों के डेटा का सत्यापन किया जाएगा और चयनित उम्मीदवारों को 26 सितंबर तक कॉलेज में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा.

यदि इसके बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं तो Stray Vacancy Round आयोजित किया जाएगा. यह प्रक्रिया 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगी. इस दौरान बची हुई सीटों का आवंटन किया जाएगा और एमसीसी 3 अक्टूबर को चयनित अभ्यर्थियों का डेटा संबंधित संस्थानों के साथ साझा करेगी. इस राउंड में प्रवेश पाने वाले अभ्यर्थियों को 10 अक्टूबर तक कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा.

ऑल इंडिया कोटा के साथ-साथ स्टेट कोटा की 85 प्रतिशत सीटों के लिए भी अलग से काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी. राज्य स्तरीय पहले चरण की काउंसिलिंग 13 से 22 अगस्त, दूसरे चरण की 31 अगस्त से 8 सितंबर, तीसरे चरण की 16 से 26 सितंबर और Stray Vacancy Round 3 से 5 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा. इन सीटों के लिए संबंधित राज्य की काउंसिलिंग एजेंसी अलग से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगी.

एमसीसी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि काउंसिलिंग शुरू होने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें. इनमें NEET UG 2026 स्कोरकार्ड, एडमिट कार्ड, 10वीं और 12वीं की मार्कशीट व प्रमाणपत्र, आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), निवास प्रमाण पत्र और दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) शामिल हैं. दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की कमी होने पर प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है.

एमसीसी ने स्पष्ट किया है कि काउंसिलिंग की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएंगी. ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे तय तारीखों का विशेष ध्यान रखें, समय पर रजिस्ट्रेशन करें और आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.