UPSC Prelims 2026 Result Out: 5.49 लाख में सिर्फ 13,343 अभ्यर्थी मेन्स के लिए हुए क्वालिफाई

UPSC Prelims 2026 Result Out: 5.49 लाख में सिर्फ 13,343 अभ्यर्थी मेन्स के लिए हुए क्वालिफाई

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल इस परीक्षा के पहले चरण में 13,343 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए अपनी जगह बनाई है. जिन उम्मीदवारों ने 24 मई 2026 को आयोजित प्रीलिम्स परीक्षा में हिस्सा लिया था, वे अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं.

लाखों में से सिर्फ 13 हजार से अधिक उम्मीदवार सफल

इस वर्ष सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में करीब 5.49 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे. इनमें से केवल 13,343 उम्मीदवार ही अगले चरण यानी मेन्स परीक्षा के लिए चयनित हुए हैं. कुल 1,016 रिक्त पदों के लिए यह चयन प्रक्रिया चल रही है. आंकड़ों के अनुसार इस बार सफलता दर लगभग 2.4 प्रतिशत रही है. पिछले वर्ष 2025 में 1,087 पदों के लिए 14,161 अभ्यर्थियों ने प्रीलिम्स परीक्षा पास की थी. इस बार सफल उम्मीदवारों की संख्या में मामूली कमी दर्ज की गई है.

कटऑफ और अंक अभी नहीं होंगे जारी

यूपीएससी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल केवल सफल उम्मीदवारों की सूची जारी की गई है. कटऑफ मार्क्स, फाइनल आंसर-की और अभ्यर्थियों के व्यक्तिगत अंक अभी उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे. आयोग की नीति के अनुसार यह सभी जानकारियां सिविल सेवा परीक्षा 2026 और भारतीय वन सेवा (IFoS) परीक्षा की पूरी चयन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद जारी की जाएंगी.

मेन्स परीक्षा के लिए यह प्रक्रिया पूरी करना जरूरी

प्रीलिम्स परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को मेन्स परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. आयोग के अनुसार 19 जून से 28 जून 2026 के बीच अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी कैडर वरीयता (Cadre Preference) और अन्य आवश्यक जानकारियां अपडेट करनी होंगी. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए मेन्स परीक्षा शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं महिला, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है.

समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं की तो नहीं मिलेगा एडमिट कार्ड

यूपीएससी ने साफ किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले से अपने दस्तावेज अपलोड कर दिए हैं, उन्हें भी पोर्टल पर लॉगिन कर विवरण की पुष्टि करनी होगी. 28 जून तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को मेन्स परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा.

ऐसे देखें अपना रिजल्ट
•    UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. 
•    CSE Prelims Result 2026 लिंक पर क्लिक करें. 
•    PDF सूची डाउनलोड करें. 
•    अपना रोल नंबर सर्च करें. 
•    रोल नंबर मिलने पर आप मेन्स परीक्षा के लिए चयनित माने जाएंगे. 
अब सफल अभ्यर्थियों की नजर सितंबर में होने वाली मुख्य परीक्षा पर है, जो उनके आईएएस, आईपीएस और अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं में चयन की दिशा में अगला महत्वपूर्ण कदम होगी.