CBSE 12वीं री-इवैल्यूएशन का आज आखिरी मौका, ऐसे तुरंत करें आवेदन

CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा के छात्रों के लिए वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन आवेदन का आज अंतिम दिन है. तकनीकी समस्याओं और साइबर हमलों के चलते बोर्ड ने आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून से बढ़ाकर 7 जून कर दी थी. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.

CBSE 12वीं री-इवैल्यूएशन का आज आखिरी मौका, ऐसे तुरंत करें आवेदन

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा के छात्रों के लिए आज (7 जून) वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने का अंतिम अवसर है. बोर्ड ने पहले इसकी अंतिम तिथि 6 जून तय की थी, लेकिन पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों और छात्रों की शिकायतों को देखते हुए इसे एक दिन बढ़ाकर 7 जून कर दिया था.

CBSE ने 2 जून को पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल शुरू किया था, जिसके माध्यम से छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाओं का वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकते हैं. पोर्टल शुरू होने के बाद कई छात्रों ने तकनीकी समस्याओं की शिकायत की थी. इसी दौरान बोर्ड के ऑनलाइन सिस्टम पर साइबर हमले भी हुए, जिसके बाद CBSE ने दिल्ली पुलिस में FIR दर्ज कराई है.

बोर्ड के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में पोर्टल पर ‘डिनायल ऑफ सर्विस’ (DoS) जैसे साइबर हमले किए गए, जिससे वेबसाइट पर असामान्य ट्रैफिक बढ़ गया. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और किसी भी प्रकार के डेटा लीक या अनधिकृत एक्सेस की पुष्टि नहीं हुई है.

CBSE के आंकड़ों के मुताबिक, 4 जून तक 70 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके थे, जिनमें बड़ी संख्या री-इवैल्यूएशन से संबंधित है. बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि जिन अभ्यर्थियों को अपने अंकों को लेकर कोई संदेह है, वे अंतिम तिथि समाप्त होने से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. इस बीच, हाल ही में लागू किए गए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को लेकर भी कई सवाल उठे हैं. कुछ छात्रों ने मूल्यांकन में गड़बड़ी और अपेक्षा से कम अंक मिलने की शिकायत की है, जिसके बाद बोर्ड ने जांच प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.