टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) रांची तेजी से एक पसंदीदा संस्थान बनकर उभरा है. पिछले कुछ वर्षों में संस्थान ने अपने शानदार प्लेसमेंट रिकॉर्ड और उद्योग जगत से मजबूत जुड़ाव के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है. यही वजह है कि आज यहां से पढ़ने वाले छात्र Google, Microsoft, Amazon जैसी वैश्विक टेक कंपनियों में अपनी जगह बना रहे हैं. इसी उपलब्धि को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि IIIT रांची ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है.
हाल ही में जारी 2021-25 बैच के प्लेसमेंट आंकड़े संस्थान की सफलता की कहानी बयां करते हैं. कॉलेज के अनुसार इस बैच में कुल 215 छात्र थे, जिनमें से 203 छात्र प्लेसमेंट प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पात्र थे. इनमें से 172 छात्रों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों से नौकरी के प्रस्ताव मिले. सबसे खास बात यह रही कि छात्रों को कुल 221 जॉब ऑफर प्राप्त हुए, जो यह दर्शाता है कि कई छात्रों को एक से अधिक कंपनियों ने चयनित किया.
प्लेसमेंट रिपोर्ट के अनुसार 133 छात्रों को एक-एक ऑफर मिला, जबकि 38 छात्रों को दो-दो कंपनियों से नौकरी का प्रस्ताव मिला. वहीं 4 छात्रों को तीन-तीन ऑफर प्राप्त हुए. यह उपलब्धि बताती है कि संस्थान के छात्रों की तकनीकी क्षमता और कौशल को उद्योग जगत में काफी सराहा जा रहा है. ब्रांचवार प्रदर्शन की बात करें तो कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) का रिजल्ट सबसे बेहतर रहा. इस शाखा के 98 पात्र छात्रों में से 82 छात्रों को प्लेसमेंट मिला. वहीं डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (DS & AI) में 24 में से 22 छात्रों का चयन हुआ. इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) में भी 58 में से 47 छात्रों को नौकरी मिली.
संस्थान के छात्रों ने देश-दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में अपनी जगह बनाई है. 2021-25 बैच के छात्र मयंक पाठक का चयन Google में हुआ है. मयंक मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं. वहीं अनिर्बन पोर्य को Microsoft में नौकरी मिली है. इसके अलावा तान्या मलिक का चयन Amazon में हुआ है. इन सफलताओं ने संस्थान की प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है. रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष छात्रों को 54 लाख रुपये तक का उच्चतम पैकेज भी प्राप्त हुआ, जो संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
क्या है एडमिशन प्रोसेस?
IIIT रांची में बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश JEE Main परीक्षा के आधार पर होता है. उम्मीदवारों को पहले JEE Main में शामिल होना पड़ता है. इसके बाद JoSAA (Joint Seat Allocation Authority) काउंसलिंग के माध्यम से सीटों का आवंटन किया जाता है. अभ्यर्थियों को अपनी रैंक, पसंदीदा ब्रांच और उपलब्ध सीटों के आधार पर कॉलेज आवंटित किया जाता है. CSE, DS & AI और ECE जैसे लोकप्रिय कोर्सों में दाखिले के लिए अच्छी रैंक आवश्यक होती है. बेहतर प्लेसमेंट, आधुनिक तकनीकी शिक्षा, उद्योग जगत से मजबूत संबंध और बढ़ती राष्ट्रीय पहचान के कारण IIIT रांची आज झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के इंजीनियरिंग छात्रों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है.