रांची (RANCHI): झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने मैट्रिक (10वीं) कंपार्टमेंटल, इंप्रूवमेंट और विशेष परीक्षा 2026 का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है. जिन विद्यार्थियों को अपने अंकों में सुधार करना है, कंपार्टमेंटल परीक्षा देनी है या विशेष परीक्षा में शामिल होना है, उनके लिए यह महत्वपूर्ण अपडेट है. परीक्षा 7 अगस्त से शुरू होगी, जबकि अभ्यर्थी 30 जुलाई से अपना एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे.
काउंसिल की ओर से जारी सूचना के अनुसार सभी परीक्षाएं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएंगी. पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी. हालांकि आईटी एवं वोकेशनल विषय की परीक्षा पहले दिन यानी 7 अगस्त को सुबह 9:45 बजे से 12:30 बजे तक ही होगी.
JAC ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षार्थी 30 जुलाई से परिषद की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ वैध पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा. साथ ही छात्रों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके.
परीक्षा का कार्यक्रम
7 अगस्त (शुक्रवार)
• पहली पाली: वाणिज्य, गृह विज्ञान, आईटी एवं वोकेशनल
• दूसरी पाली: उर्दू
8 अगस्त (शनिवार)
• पहली पाली: हिंदी (कोर्स A एवं B)
• दूसरी पाली: विज्ञान
10 अगस्त (सोमवार)
• पहली पाली: संस्कृत
• दूसरी पाली: सामाजिक विज्ञान
11 अगस्त (मंगलवार)
• पहली पाली: गणित
• दूसरी पाली: फारसी, उरांव, कुरमाली, उड़िया, हो, पंचपरगनिया, संथाली, खोरठा, नागपुरी, बांग्ला, मुंडारी, खड़िया एवं अरबी
12 अगस्त (बुधवार)
• पहली पाली: अंग्रेजी
• दूसरी पाली: संगीत
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने छात्रों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें अंकित सभी विवरणों की जांच कर लें. किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तुरंत संबंधित स्कूल या परिषद से संपर्क करें. परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी परीक्षार्थियों के लिए अनिवार्य होगा. इस परीक्षा के माध्यम से छात्र अपने परिणाम में सुधार का एक और अवसर प्राप्त कर सकेंगे.

